कैंसर के इलाज में लाखों रुपये खर्च करने वाले मरीजों को दवाओं की नई कीमतों की सूची से भी बड़ी राहत मिलती नहीं दिख रही है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) से जारी 643 दवाओं की संशोधित सूची में 159 दवाएं ऐसी हैं, जिनकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इनमें ज्यादातर दवा पैक की कीमत एक लाख रुपये से अधिक है।
कीमतें घटीं लेकिन बहुत कम
एक लाख रुपये से अधिक पुरानी कीमत वाले तीन दवा-पैक की एमआरपी घटाई गई है। क्रिजोटिनिब के क्रिजाल्क ब्रांड की 250 मिलीग्राम वाली 60 कैप्सूल की पैकिंग 1,17,251.92 रुपये से घटकर 1,09,500 रुपये हो गई है। इसी दवा की 200 मिलीग्राम वाली पैकिंग की कीमत 1,10,529.60 रुपये से घटाकर 1,03,220 रुपये की गई है।