स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव ने कहा कि देश के कुल सक्रिय मामलों में से 62 फीसदी मामले पांच राज्यों में हैं। ये राज्य तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र हैं। पाच राज्यों- आंध्र प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में कोरोना से होने वाली कुल मौतों में से 70 फीसदी मौत हुई हैं।
राजेश भूषण ने कहा कि आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या में 13.7 फीसदी साप्ताहिक कमी आई है। यह दर कर्नाटक में 16.1 फीसदी, महाराष्ट्र में 6.8 फीसदी, तमिलनाडु में 23.9 फीसदी और उत्तर प्रदेश में 17.1 फीसदी है। साप्ताहिक मृत्यु दर में आंध्र प्रदेश में 4.5, महाराष्ट्र में 11.5 और तमिलनाडु में 18.2 फीसदी की कमी आई है।
अकेले कार ड्राइव करते हुए या मोटर साइकिल पर चलते हुए मास्क पहनना जरूरी है या नहीं। इस पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि ऐसे कोई दिशानिर्देश नहीं हैं। भूषण ने कहा, 'स्वास्थ्य मंत्रालय के ऐसे कोई दिशानिर्देश नहीं हैं कि कार, बाइक या साइकिल पर अकेले चलते हुए मास्क पहनना है या नहीं।' भूषण ने कहा कि अगर लोग समूह में साइकिल चला रहे हैं या दौड़ रहे हैं या जॉगिंग कर रहे हैं तो उन्हें मास्क जरूर पहनना चाहिए और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना चाहिए।उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में साप्ताहिक आधार पर पिछले तीन सप्ताह में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों में सात फीसदी की कमी देखी गई है।
सचिव ने कहा कि रोज सकारात्मक आंकड़े बढ़ रहे हैं। इसे कुल जनसंख्या के संदर्भ में देखना होगा। सरकार ने अर्थव्यवस्था दोबारा शुरू करने के लिए वर्गीकृत दृष्टिकोण अपनाया है। इसमें पर्याप्त परीक्षण क्षमता सुनिश्चित करने के साथ चिकित्सकीय इलाज के स्पष्ट दिशा-निर्देश और अस्पतालों के बुनियादी ढांचे को बेहतर किया गया है।
भूषण ने कहा कि देश में प्रति 10 लाख आबादी पर कोविड-19 के मामलों की संख्या अन्य देशों की तुलना में बहुत कम है। भारत प्रति 10 लाख की आबादी पर मौत की सबसे कम दर वाले देशों में है। यहां प्रति 10 लाख की आबादी पर कोरोना मृत्यु दर 49 है। कर्नाटक और दिल्ली में साप्ताहिक मृत्यु ट्रेजेक्टरी में वृद्धि हुई है। दिल्ली में 50 फीसदी और कर्नाटक में करीब 9.6 फीसदी की वृद्धि देखी गई है
पूरे देश में शुरू हुआ दूसरा सीरो सर्वे : डॉ. भार्गव
आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. भार्गव ने कहा कि दूसरा सीरो सर्वे पूरे देश में शुरू हो चुका है। यह सर्वे 70 जिलों में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सर्वे के परिणाम अगले दो सप्ताह में सामने आ जाएंगे।
कोरोना से जंग में पहली पंक्ति के कर्मियों में शुमार स्वास्थ्य कर्मियों में कोरोना संक्रमण को लेकर राजेष भूषण ने कहा कि तेलंगाना में स्वास्थ्यकर्मियों में संक्रमण की दर 18 फीसदी है। यह दर महाराष्ट्र में 16 फीसदी, दिल्ली में 14 फीसदी, कर्नाटक में 13 फीसदी, पुडुचेरी में 12 फीसदी और पंजाब में 11 फीसदी है।
बढ़ते मामलों पर दिल्ली को दिए विशेष निर्देश
दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते सक्रिय मामलों और मौतों की संख्या को लेकर भूषण ने कहा कि मंत्रालय इसे लेकर दिल्ली सरकार के साथ संपर्क में है। उन्होंने कहा, 'हमने उन्हें (दिल्ली सरकार) को कुछ विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं, अगर इनका पालन होता है तो मामलों की संख्या को नियंत्रण में लाया जा सकता है।'