आज देश को नया राष्ट्रपति मिल जाएगा। गुरुवार 20 जुलाई को शाम करीब 5 बजे तक साफ हो जाएगा कि देश के सर्वोच्च सिंहासन पर एनडीए के रामनाथ कोविंद बैठेंगे या विपक्ष की मीरा कुमार बाजी मारेंगी।
राष्ट्रपति पद के एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को नतीजों से पहले ही उनके जानने वाले जीत का जश्न मनाने लगे हैं। वहीं विपक्ष में पड़ी फूट के कारण कहा जा रहा है कि इस चुनाव में मीरा की हार तय है। लेकिन औपचारिक रूप से घोषणा के लिए गुरुवार शाम करीब 5 बजे तक इंतजार करना होगा।
17 जुलाई को हुए राष्ट्रपति चुनाव की वोटिंग की मतपेटियां संसद भवन परिसर में पहुंच चुकी हैं। संसद भवन में वोटों की गिनती सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगी। जैसे ही कोविंद चुनाव जीतेंगे, वो राष्ट्रपति निर्वाचित हो जाएंगे।
बता दें कि देश के नये राष्ट्रपति को चुनने के लिए 17 जुलाई (सोमवार) सुबह 10 बजे से शुरू हुए मतदान में करीब 99 फीसदी वोटिंग हुई। जिसमें 776 सांसदों और 4,120 विधायकों को मत डालने का अधिकार था। निर्वाचक मंडल के कुल मतों की कीमत 10,98,903 है।