राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के गुरुवार को वाराणसी आगमन के मद्देनजर बुधवार को बाबतपुर एयरपोर्ट से बीएचयू तक के इलाके को केंद्रीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों, सेना, पैरामिलिट्री फोर्स और पुलिस ने अपनी निगरानी में ले लिया। राष्ट्रपति के कार्यक्रम, ठहराव स्थल और उनके आवागमन के रूट की ऊंची इमारतों को वाच टॉवर बनाकर रूफ टॉप फोर्स की तैनाती कर दी गई है। साथ ही, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और एंटी माइंस डिटेक्शन यूनिट की ओर से अभियान चलाकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है।
गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी आ रहे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी प्रेसिडेंट्स बॉडी गार्ड (पीबीजी) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सिक्योरिटी सेल के सुरक्षा घेरे में रहेंगे। दशाश्वमेध घाट पर राष्ट्रपति की पूजा के दौरान गंगा में पीएसी बाढ़ राहत दल और एनडीआरएफ के जवानों के साथ ही नेवी के गोताखोर भी तैनात रहेंगे। इसके अलावा केंद्रीय खुफिया एजेंसियां, एनएसजी, एटीएस के कमांडो, पैरामिलिट्री फोर्स और पुलिस के जवान बाहरी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
सुरक्षा में वाराणसी पुलिस के अलावा छह एसपी, 10 एडिशनल एसपी, 25 डिप्टी एसपी, 35 थानाध्यक्ष, 225 सब इंस्पेक्टर, 350 हेड कांस्टेबल, 1350 कांस्टेबल, 500 होमगार्ड, सात महिला सब इंस्पेक्टर, 60 महिला कांस्टेबल, चार कंपनी पीएसी, एक कंपनी पीएसी बाढ़ राहत दल और सीआरपीएफ, सीआईएसएफ सहित अन्य पैरामिलिट्री फोर्स सहित 2500 से अधिक सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। वहीं, दशाश्वमेध घाट और बीएचयू स्थित स्वतंत्रता भवन के दो दर्जन से ज्यादा डोर और हैंड मेटल डिटेक्टर लेकर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।