राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को कहा कि एयरो इंडिया-2021 एयर शो वैश्विक स्तर पर रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में भारत के निरंतर ताकतवर होने का जीता जागता सुबूत है। उन्होंने यह बात तीन दिवसीय एयरो इंडिया शो के समापन के दौरान कही। साथ ही उन्होंने एयरो इंडिया को अभूतपूर्व सफल करार दिया।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के साथ ही देश को विश्व के लिए विनिर्माण देश के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा। इस आयोजन ने दिखाया है कि देश की क्षमताओं को लेकर वैश्विक भरोसा धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वह कोरोना महामारी की चुनौतियों के बावजूद एयरो इंडिया के सफलतापूर्वक आयोजन से खुश हैं। कोविड-19 से बचाव संबंधी नियमों का पालन करने के बावजूद उत्साह में कोई कमी नहीं रही।
उन्होंने देश के आकाश को सुरक्षित रखने और सुरक्षा को मजबूत रखने के लिए वायुसेना के पायलटों के योगदान और बहादुरी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि एयरो इंडिया ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। राष्ट्रपति कोविंद तीन सशस्त्र सेनाओं के सर्वोच्च कमांडर हैं और वह पहले राष्ट्रपति हैं जिन्होंने एयरो इंडिया में शिरकत की।
शो में लाखों लोग हुए शामिल
इससे पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि तीन दिन तक चले एयरो इंडिया में 16000 से अधिक लोग प्रत्यक्ष तौर पर शामिल हुए और 4.50 लाख से अधिक लोग वर्चुअल माध्यम से इससे जुड़े। उन्होंने कहा कि 55 देशों से 84 विदेशी कंपनियों समेत 540 कंपनियां इसमें शामिल हुई।