राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी अपनी विदाई से पहले एक कार्यक्रम में 15 जुलाई को पश्चिम बंगाल में गरीबी रेखा से नीचे आने वाले (बीपीएल) ढाई करोड़ लोगों को एलपीजी गैस कनेक्शन का वितरण करेंगे। ये सभी गैस कनेक्शन प्रधानमंत्री उज्जवल योजना के अंतर्गत दिए जाएंगे।
एएनआई के मुताबिक, सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि रघुनाथगंज और मुर्शिदाबाद जिले के साथ-साथ राष्ट्रपति के होम टाउन जंगीपुर भवन जिले में भी एलपीजी गैस कनेक्शनों का वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जांगीरपुर से कांग्रेस सांसद अभिजीत मुखर्जी भी मौजूद होंगे।
ये कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'क्लीन फ्यूल बेटर लाइफ' मिशन का ही हिस्सा है जिसमें सभी बीपीएल परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराना है। मोदी सरकार ने 1 मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया गांव से प्रधानमंत्री उज्जवल योजना को लांच किया था और इस योजना का उद्देश्य देशभर के पांच करोड़ बीपीएल परिवारों को एलपीजी गैस कनेक्शन मुहैया करवाना है।
बता दें कि 23 जुलाई को शाम साढ़े पांच बजे संसद के सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों के सांसद राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भावभीनी विदाई देंगे।