फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: ओडिशा पहुंची राष्ट्रपति मुर्मू, केंद्रीय मंत्री प्रधान के साथ की पूजा अर्चना, पढ़े देश की अहम खबरें

Wed, 22 Nov 2023 01:26 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पुलिस ने बताया कि बर्दवान विश्वविद्यालय के गोलापबाग स्थित परिसर में महिला का शव बरामद हुआ। शव विवि परिसर के तालाब में पड़ा हुआ था। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
विज्ञापन
National News - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को ओडिशा के संबलपुर पहुंची। यहां उन्होंने ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ मां समलेश्वरी की पूजा अर्चना की और भारत की समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा।

विज्ञापन


बर्दवान विश्वविद्यालय के परिसर में मिला महिला का शव
पुलिस ने बताया कि बर्दवान विश्वविद्यालय के गोलापबाग स्थित परिसर में महिला का शव बरामद हुआ। शव विवि परिसर के तालाब में पड़ा हुआ था। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। कुलपति गौतम चंद्रा का कहना है कि महिला की उम्र 30 साल है। वह न तो विवि की छात्रा है और न ही यहां की कर्मचारी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

टीएमसी कार्यकर्ता की मौत
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में एक टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार शाम करीब पांच बजे की है। तीन आरोपियों ने कार्यकर्ता पर घर के बाहर ही नौ राउंड गोलियां चलाई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें एक निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन


मुंबई में बच्चे का अपहरण  
मुंबई के वडाला इलाके में एक महिला ने अपने दोस्त के साथ मिलकर एक तीन साल के लड़के का अपहरण कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी सानिका वाघमारे (19) और उसका दोस्त पवन पोखरकर (20) वडाला के ही रहने वाले हैं। दोनों की योजना थी कि वह बच्चे को ठाणे में दो लाख रुपये में बेच देंगे। लड़का दोपहर में खेल रहा था, वहीं से दोनों से उसका अपहरण कर लिया। बाद में एक कैब से वे ठाणे पहुंचे, वहां सौदा नहीं हो पाया तो दोनों वापस वडाला लौट आए और बच्चे को बस स्टैंड पर ही छोड़ दिया। इसके बाद दो परीचित बच्चे को ठाणे लेकर आए और पूरे मामले का खुलासा हुआ। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्चे को उसके परिवार को सौंप दिया है।

महिला के साथ छेड़छाड़
मुंबई पलिस ने बताया कि मुंबई के शिवाजी पार्क में हाल में हुई झड़प मामले में तीन लोगों के खिलाफ महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। एक स्थानीय उद्धव गुट के नेता सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। हालांकि, अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पूर्व सीपीआई नेता और उनका बेटा गिरफ्तार
पूर्व सीपीआई नेता एन भासुरंगन और उनके बेटे अखिलजीत को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके ऊपर कथित सहकारी बैंक धोखाधड़ी मामले में धोखाधड़ी का आरोप है। कंडाला सर्विसेज कोऑपरेटिव बैंक कथित 100 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी मामले में पूछताछ के बाद दोनों को पीएमएलए के तहत गिरफ्तार किया गया है। बता दें, ईडी ने इसी महीने छापेमारी की थी, जिसके बाद भासुरंगन को वामपंथी पार्टी ने निष्कासित कर दिया था।

बीआरएस के विज्ञापन के खिलाफ कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग की
कांग्रेस ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से कुछ दिन पहले मंगलवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने उस पर निशाना साधते हुए एक विज्ञापन जारी किया है, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। इसके लिए निर्वाचन आयोग से अनुमति नहीं ली गई।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग को इस पर रोक लगानी चाहिए और इसके लिए पार्टी की ओर से तत्काल आग्रह किया जा रहा है। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान 'स्कैमग्रेस' शीर्षक तहत भ्रामक प्रचार किया जा रहा है।  

कांग्रेस के‘भ्रामक’ विज्ञापनों पर भाजपा ने की आयोग से शिकायत
भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह राजस्थान विधानसभा चुनाव में उसके पक्ष में लहर होने के बारे में समाचार या राय के रूप में विज्ञापन दे रही है। भाजपा ने चुनाव आयोग से सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और पूर्व मंत्री रविशंकर प्रसाद सहित भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर निर्वाचन आयोग पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। अपनी शिकायत में भाजपा ने कांग्रेस पर यह आरोप भी लगाया कि वह लोगों को राज्य में सत्ता में आने पर उसकी गारंटी का लाभ पाने के लिए मोबाइल नंबर पर मिस्ड कॉल देने के लिए कह रही है, जो कि ‘भ्रष्ट’ तरीकों का सहारा लेना है। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा नेता अमित मालवीय और ओम पाठक भी शामिल थे।

60,000 मतपेटियों का तेलंगाना में होगा इस्तेमाल
हैदराबाद। तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव में 59,779 मतपेटियों का इस्तेमाल किया जाएगा और 2,290 प्रतियोगी मैदान में हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज के अनुसार, चुनाव आयोग ने हर निर्वाचन क्षेत्र में प्रत्याशियों की सूची के आधार पर सरकारी प्रिंटिंग प्रेस में मतपत्रों की छपाई का आदेश दिया है। अधिकारी ने बताया, अतिरिक्त मतपत्र की जरूरत मुताबिक 16 जिलों को अंतिम अतिरिक्त 14,500 बीयू आवंटित किए हैं।  

ओडिशा विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए आदिवासी नेता सलुगा
बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता सलुगा प्रधान मंगलवार को ओडिशा विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए। कंधमाल जिले में जी उदयगिरी निर्वाचन क्षेत्र से दो बार के आदिवासी विधायक प्रधान ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया था। इस पद के लिए वह एकमात्र उम्मीदवार थे। इसके साथ ही ओडिशा विधानसभा में अब एक दलित विधानसभा अध्यक्ष और एक आदिवासी उपाध्यक्ष है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उपाध्याक्ष बनने पर प्रधान को बधाई दी।

तकनीकी खराबी के बाद न्यूयॉर्क जा रहा विमान मुंबई लौटा
न्यूयॉर्क जाने वाला एअर इंडिया का एक विमान तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार सुबह मुंबई लौट आया। एयरलाइन ने कहा कि बोइंग 777 विमान एहतियाती जांच के लिए वापस मुंबई हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतरा गया। इस उड़ान के यात्रियों की संख्या के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी है। एअर इंडिया ने कहा कि वह मुंबई हवाईअड्डे पर यात्रियों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।  

श्रीलंका की जेल से रिहा तमिलनाडु के 15 मछुआरे स्वदेश लौट आए
श्रीलंका की जेल से रिहा हुए तमिलनाडु के 15 मछुआरे मंगलवार को स्वदेश लौटे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के सदस्यों ने चेन्नई हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी मछुआरे सड़क मार्ग से रामेश्वरम के लिए रवाना हो गए। दो मशीनीकृत नौकाओं पर सवार होकर 15 मछुआरे 14 नवंबर को मछली पकड़ने के लिए रामेश्वरम से निकले थे, लेकिन श्रीलंकाई जल क्षेत्र प्रवेश करने के कारण उन्हें पकड़ लिया गया था। केंद्र और राज्य सरकारों के हस्तक्षेप के बाद उन्हें भी रिहा कर दिया गया।  

राज्य शैक्षणिक उपलब्धि सर्वेक्षण में शामिल नहीं हुए पांच राज्य
राष्ट्रीय मूल्यांकन नियामक परख की ओर से आयोजित पहले राज्य शैक्षणिक उपलब्धि सर्वेक्षण में दिल्ली और प. बंगाल समेत गैर-भाजपा दलों द्वारा शासित पांच राज्यों ने हिस्सा नहीं लिया। शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, सर्वेक्षण का उद्देश्य स्कूल शिक्षण और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान करना था। इसके तहत प्रत्येक शैक्षणिक चरण के अंत में छात्रों की सीखने की दक्षताओं का आकलन करना एवं बुनियादी, प्रारंभिक और मध्य स्तर पर भाषा और गणित पर प्राथमिकता से ध्यान देना था। तीन नवंबर को आयोजित इस सर्वेक्षण में भारत में ब्लॉक स्तर पर कक्षा तीन, छह और नौ के छात्रों में शैक्षणिक दक्षताओं का आकलन किया गया था। सर्वेक्षण में देश भर के 5,917 ब्लॉकों के तीन लाख स्कूलों के लगभग 80 लाख छात्रों ने भाग लिया। इसमें 6 लाख शिक्षक और 3 लाख से अधिक क्षेत्रीय जांचकर्ता भी शामिल थे।

नितेश राणे के खिलाफ जमानती वारंट
मुंबई की अदालत ने उद्धव गुट के नेता संजय राउत द्वारा मानहानि शिकायत के संबंध में भाजपा विधायक नितेश राणे के खिलाफ 15 हजार रुपये का जमानती वारंट जारी किया है। अब 15 दिसंबर को मामले में आगे की सुनवाई होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें