सार
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि एक-दूसरे की प्रगति और कल्याण में हितधारक होने के नाते, हम अपने निकटतम मित्रों और पड़ोसियों पर भरोसा करते हैं। वे हमारे क्षेत्र और उससे आगे शांति और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए हमारे साथ मिलकर काम करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण में सात देशों के नेता शामिल हुए। सभी विदेशी नेताओं के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रात्रिभोज की मेजबानी की। राष्ट्रपति भवन ने रात्रिभोज के दौरान एक बयान जारी किया। बयान के अनुसार, राष्ट्रपति ने नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह शामिल होने के लिए विदेशी महमानों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के उत्सव में हमारे साथ शामिल होने के लिए आप सभी का धन्यवाद।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि एक-दूसरे की प्रगति और कल्याण में हितधारक होने के नाते, हम अपने निकटतम मित्रों और पड़ोसियों पर भरोसा करते हैं। वे हमारे क्षेत्र और उससे आगे शांति और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए हमारे साथ मिलकर काम करेंगे।
भोज में शामिल हुए यह नेता
भोज में शामिल होने वाले नेताओं में श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ और (उनकी पत्नी) कोबिता जगन्नाथ, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शामिल हैं।
फ्री हैंड स्टाइल को पीएम मोदी ने अपनाया
लोकसभा चुनाव में भाजपा, 240 सीटों के साथ संसद में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वह अपने दम पर स्पष्ट बहुमत के करीब नहीं पहुंच सकी, लेकिन भाजपा के नेतृत्व वाले 'एनडीए' को 292 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत मिला है। एनडीए के सहयोगी दल 'जदयू' के 12 और टीडीपी के 16 सांसद हैं। जब शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू हुआ, तो मोदी का 'फ्री हैंड' स्टाइल देखने को मिला। कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण में पहले आठ स्थान, भाजपा के लिए बुक रहे। सबसे पहले नरेंद्र मोदी ने शपथ ली। उनके बाद राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, निर्मला सीतारमण, डॉ. एस जयशंकर और मनोहर लाल खट्टर ने कैबिनेट मंत्री की शपथ ली।