अगले साल होने वाले कुंभ मेले की यादें हमेशा ताजा बनी रहें, इसके लिए प्रयागराज मेला प्राधिकरण कुंभ के ‘लोगो’ का उपयोग बढ़ाने के वास्ते इसका अधिकार बेचने की तैयारी कर रहा है। श्रद्धालु मेले में स्नान के दौरान कई चीजें खरीदकर ले जाते हैं और उन चीजों पर कुंभ का ‘लोगो’ उन्हें हमेशा इस मेले की याद दिलाएगा। कुंभ मेलाधिकारी विजय किरण आनंद ने मीडिया को बताया कि आरएफपी (प्रस्ताव के लिए अनुरोध) तैयार किया जा रहा है और अगले 15 दिनों में निविदाएं जारी किए जाने की संभावना है।
उन्होंने बताया, 'हम चाहते हैं कि मेले में बिकने वाली वस्तुओं पर इस ‘लोगो’ का उपयोग किया जाए ताकि लोग जब इन वस्तुओं को अपने साथ ले जाएं तो इस ‘लोगो’ के माध्यम से उनकी कुंभ की यादें ताजा होती रहें। प्राधिकरण विभिन्न कंपनियों को अपने ‘लोगो’ के इस्तेमाल का अधिकार बेच कर आय बढ़ाएगा।' उल्लेखनीय है कि आगामी प्रयाग कुंभ में 12 से 15 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
मेले में हजारों की संख्या में स्टाल लगते हैं और ज्यादातर श्रद्धालु यहां से गंगा जल और प्रसाद अपने साथ ले जाते हैं। मेले में टी-शर्ट, टोपी, पेन, चाबी का गुच्छा जैसी वस्तुओं पर कुंभ का ‘लोगो’ इस्तेमाल किया जा सकता है। यदि कोई कंपनी या संस्था बिना मंजूरी के कुंभ के ‘लोगो’ का उपयोग करती है तो उसके खिलाफ कॉपीराइट कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।