फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रकाश पर्व: राष्ट्रपति मुर्मू से पीएम मोदी तक ने किया नमन, बोले- दुनिया को राह दिखा रही गुरु साहिब की सीख

Tue, 24 Nov 2026 10:25 AM IST
प्रशांत तिवारी एएनआई, नई दिल्ली।

सार

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में डुबकी लगाई।
विज्ञापन
प्रकाश पर्व - फोटो : अमर उजाला ग्राफ्रीक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के मौके पर देशभर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर देश की राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों तक ने गुरु साहिब को नमन किया और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया को इंसानियत, प्रेम, सच्चाई और आपसी भाईचारे का रास्ता दिखा रही हैं।

विज्ञापन


राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा- समानता और सेवा को जीवन का आधार बनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर देश और विदेश में रहने वाले भारतीयों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश पूरी मानवता को एकता के सूत्र में बांधने वाला है। उन्होंने गुरु नानक देव जी के 'इक ओंकार' के संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि इसका भाव यही है कि पूरी मानवता एक है। समाज में जाति, ऊंच-नीच और किसी भी तरह के भेदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। हर व्यक्ति को बराबर सम्मान मिलना चाहिए।
 

विज्ञापन


'नाम जपो, किरत करो और वंड छको'
राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने प्रेम, दया और इंसानियत की सेवा को जीवन का सबसे अहम हिस्सा बताया था। उनकी तीन प्रमुख सीख 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' आज भी लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसका मतलब है कि ईश्वर को याद करो, ईमानदारी से मेहनत करके कमाई करो और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ भी हिस्सा बांटो। उन्होंने लंगर की परंपरा को याद करते हुए कहा कि इसके जरिए गुरु नानक देव जी ने समाज में बराबरी, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा की मिसाल पेश की। राष्ट्रपति ने लोगों से अपील की कि वे गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपनाकर समाज और देश की भलाई में योगदान दें।
 

पीएम मोदी बोले- पूरी दुनिया को प्रेरणा दे रही हैं गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमेशा मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी। उनका संदेश हमें ऐसा समाज बनाने की प्रेरणा देता है, जहां दया, आपसी मेलजोल और सभी के कल्याण को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाए। पीएम मोदी ने इस मौके पर एक वीडियो संदेश भी साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की बातें सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए आज भी उतनी ही जरूरी और प्रेरणादायक हैं। उनकी शिक्षाएं हमें सादगी से जीवन जीने, दूसरों के साथ मिल-जुलकर रहने और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख देती हैं।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने हमेशा पूरी मानवता के भले के बारे में सोचा। उन्होंने लोगों को सच्चाई, अच्छे कर्म, सेवा, दया और आपसी प्रेम का रास्ता दिखाया। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि दुनिया के अलग-अलग देशों में रहने वाले सिख भाई-बहन सेवा के कामों के जरिए गुरु साहिब की शिक्षाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। अपने संदेश के आखिर में उन्होंने गुरु नानक देव जी को नमन किया। 

भूकंप में तबाह हुआ था कच्छ का ऐतिहासिक गुरुद्वारा, मोदी ने फिर खड़ा कराया
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर 'मोदी आर्काइव' नाम के सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो साझा किया गया। इसमें गुजरात के कच्छ में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण से जुड़ी कहानी दिखाई गई। यह वही गुरुद्वारा है, जहां गुरु नानक देव जी की स्मृतियां आज भी जुड़ी हुई हैं। यहां उनकी पादुकाएं भी संभालकर रखी गई हैं।

वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने भाषण का अंश भी शामिल है। इसमें उन्होंने बताया था कि 26 जनवरी 2001 को आए भूकंप में कच्छ के लखपत स्थित यह गुरुद्वारा बुरी तरह तबाह हो गया था। उस समय उन्होंने इसे केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि पूरी मानवता की अनमोल विरासत माना था। उन्होंने इसे दोबारा उसी रूप में बनवाने का संकल्प लिया और गुरुद्वारे का पुनर्निर्माण कराया। पीएम मोदी ने बताया था कि आज इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे को दुनिया की विरासत में भी जगह मिली है।

अमित शाह और राजनाथ सिंह ने भी दीं शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरु नानक देव जी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने दया, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देकर समाज को नई दिशा दिखाई। उनकी शिक्षाओं ने लोगों को ईश्वर में विश्वास रखने और अच्छे आचरण के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी।
 

 

अमित शाह ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी के साथ जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव न हो और महिलाओं को पूरा सम्मान मिले। लंगर और धर्मशालाओं की परंपरा के जरिए उन्होंने सेवा और सामाजिक एकता की ऐसी मिसाल पेश की, जो आज भी लोगों को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की सीख आने वाली पीढ़ियों को भी सच्चाई, निस्वार्थ सेवा और सभी के कल्याण के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी।
 

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से मुक्त समाज का सपना देखा था। उनके मुताबिक, गुरु नानक देव जी का 'इक ओंकार' का संदेश पूरी मानवता को एक मानने की सीख देता है। उन्होंने लोगों से ईमानदारी से मेहनत करने, ईश्वर को याद रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।
 



राहुल गांधी ने दी गुरु पर्व की बधाई 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरु पर्व के पावन अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "गुरु पूरब की आप सभी को लख-लख बधाइयां।" राहुल गांधी ने गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन, तप, त्याग और सेवा भाव को याद करते हुए कहा कि उनका मानवता का संदेश सदैव हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।

भगवंत मान ने कहा- गुरु साहिब की सीख अपनाकर बनाएं बेहतर समाज
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने पूरी दुनिया को नाम जपने, ईमानदारी से मेहनत करने और मिल-बांटकर खाने का संदेश दिया।

 

 

भगवंत मान ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने लोगों को जाति और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर रहने की सीख दी। उनका संदेश था कि हर इंसान के साथ बराबरी का व्यवहार किया जाए और सभी मिलकर समाज की भलाई के लिए काम करें। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि इस पवित्र दिन पर गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लें, ताकि एक खुशहाल और मजबूत समाज का निर्माण हो सके।
 

'गुरु नानक की शिक्षाएं सामंजस्यपूर्ण और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की प्रेरणा देती हैं'
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को गुरु नानक जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से सिख धर्म के प्रथम गुरु गुरु नानक देव की शिक्षाओं को याद करने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने की अपील की। अधिकारी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि गुरु नानक देव ने सत्य, करुणा, विनम्रता, समानता और मानवता की निस्वार्थ सेवा के संदेश से पूरी दुनिया को प्रकाशमान किया। उनकी शिक्षाएं आज भी लोगों को सामंजस्यपूर्ण और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करती हैं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की कि गुरु नानक देव की दिव्य कृपा से सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली आए।

स्वर्ण मंदिर में श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में लगाई डुबकी
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोगों ने गुरुद्वारे के पवित्र सरोवर में डुबकी लगाई और गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारों में सुबह से ही मत्था टेकने, अरदास करने और गुरबाणी कीर्तन सुनने के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहा।

ये भी पढ़ें: कार्तिगई दीपम: तिरुपरनकुंद्रम में दीप जलाने की तैयारी जारी, तिरुवन्नामलाई में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

गुरु नानक जयंती को गुरुपर्व के नाम से भी जाना जाता है। यह सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु श्री गुरु नानक देव जी के जन्मदिवस के रूप में मनाई जाती है। हर साल कार्तिक महीने की पूर्णिमा यानी कार्तिक पूर्णिमा को यह पर्व मनाया जाता है। इस दिन गुरुद्वारों में विशेष सजावट होती है। श्रद्धालु अरदास करते हैं, कीर्तन सुनते हैं और लंगर सेवा में हिस्सा लेते हैं। कई जगहों पर धार्मिक कार्यक्रम देर रात तक चलते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें