कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया के बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर दिये गए बयान पर सियासी उठापटक जारी है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इस मसले पर जवाब देते हुए कहा कि आने वाले चुनावों से कर्नाटक सरकार डर गई है इसलिए बयानबाजी कर रही है। उनके लगाए गये आरोप असोचनीय हैं, कांग्रेस इसी स्तर पर काम करती है।
आपको बता दें कि कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया ने कहा था कि अमित शाह हिंदू नहीं हैं। इस मसले पर जावड़ेकर ने कहा कि अमित शाह सनातन हिंदू हैं। आपको बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव होने में महज 22 दिन शेष रह गए हैं और राजनीतिक पार्टियों में एक दूसरे पर आरोप लगाने का दौर और तेज हो चुका है। इस चुनाव में भी हिंदुत्व का मुद्दा छाया हुआ है।
हिंदुत्व के मुद्दे को एक बार फिर हवा देते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह पर सीधा हमला बोला था। सिद्धारमैया ने कहा था कि अमित शाह मुझे कहते हैं कि मैं हिंदू नहीं हूं, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि अमित शाह खुद हिंदू नहीं है बल्कि वह जैन हैं। उन्होंने कहा था कि अमित शाह हिंदुत्व पर विश्वास भले ही करते हों लेकिन मैं चाहता हूं कि वह आगे आएं और कहें कि वह हिंदू हैं जैन नहीं।