वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) पार्टी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से मिले न्योते को ठुकरा दिया है। बुधवार को ट्रस्ट को लिखे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि रामलला की 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह को भाजपा और आरएसएस ने हड़प लिया है।
भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के पोते प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि एक धार्मिक आयोजन को राजनीतिक इवेंट में बदल दिया गया है। वीबीए प्रमुख ने कहा कि उनके दादा डॉ. आंबेडकर ने चेताया था कि अगर राजनीतिक दल जाति और धर्म को राष्ट्र से ऊपर रखेंगे, तो देश की स्वतंत्रता फिर से खतरे में पड़ जाएगी।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने डॉ. आंबेडकर के परिवार को भी प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए न्योता दिया था। इसके अलावा अनुसूचित जाति के अन्य प्रतिष्ठित लोगों को भी न्योता दिया गया है।
राजस्थान में विधायकों को लोकसभा चुनाव में उतार सकती है कांग्रेस
राजस्थान में कांग्रेस हाल ही विधानसभा चुनाव में जीत कर आए अपने विधायकों को लोकसभा के मैदान में उतारेगी। कई विधायकों को पार्टी लोकसभा का टिकट दे सकती है। पार्टी के राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने बुधवार को इसके संकेत दिए हैं। विधायकों को टिकट देने संबंधी एक सवाल पर रंधावा ने कहा कि जब भाजपा सांसदों को लाकर विधानसभा में हरवा सकती है, तो कांग्रेस के पास तो जीते हुए विधायक हैं। वह फिर जीत सकते हैं।
पंजाब के पूर्व मंत्री धर्मसोत ने कार्यों के लिए ली रिश्वत : ईडी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आरोप लगाया कि पंजाब के पूर्व वन मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने अपने विभाग में पेड़ों की कटाई के लिए परमिट देने और स्थानांतरण-तैनाती के लिए रिश्वत ली। अमरिंदर सिंह सरकार में मंत्री रहे धर्मसोत (64) को ईडी ने जालंधर कार्यालय में लंबी पूछताछ के बाद 15 जनवरी को गिरफ्तार किया था। ईडी ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के तत्कालीन वन मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने खैर के पेड़ों की कटाई के लिए परमिट जारी करने, वन विभाग में तबादला/तैनाती, वन विभाग से एनओसी जारी करने और विभाग द्वारा ट्री गार्ड की खरीद आदि के बदले रिश्वत ली थी। यह भी पाया गया कि रिश्वत से हासिल रकम को विभिन्न संपत्तियों में निवेश किया गया और विभिन्न वित्तीय लेनदेन में शामिल किया गया। धर्मसोत, राज्य के एक अन्य पूर्व मंत्री संगत सिंह गिलजियां, कुछ वन विभाग के अधिकारियों और अन्य से जुड़े परिसरों पर पिछले साल नवंबर में ईडी ने छापा मारा था। धर्मसोत पांच बार विधायक रहे हैं और पिछले साल पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने कथित आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया था।
राजस्थान में जल जीवन मिशन मामले में ईडी ने जब्त किए 39 लाख नकद
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत राजस्थान के पूर्व पीएचई विभाग मंत्री महेश जोशी और अन्य के खिलाफ तलाशी के बाद 39 लाख रुपये की ‘बेहिसाब’नकदी जब्त की है। ईडी ने बुधवार को यह जानकारी दी। ईडी ने जोशी के अलावा सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग (पीएचई) विभाग के अधिकारी और निजी व्यक्ति के जयपुर और बांसवाड़ा में आठ जगहों पर मंगलवार को छापे की कार्रवाई की थी। ईडी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान संपत्ति विवरण, डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल सहित विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज के साथ कुल 39 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त की गई। मनी लॉन्ड्रिंग का मामला श्री श्याम ट्यूबवेल कंपनी के मालिक पदमचंद जैन, गणपति ट्यूबवेल कंपनी के मालिक महेश मित्तल और अन्य के खिलाफ राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की एफआईआर पर आधारित है।
आईआईएम कोलकाता के निदेशक पर यौन उत्पीड़न का लगा आरोप, हटाए गए
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) कोलकाता में यौन उत्पीड़न का मामले सामने आया है। संस्थान के निदेशक पर महिला से यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। जांच के बाद आरोपी प्रोफेसर सहदेव सरकार को निदेशक पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह पर सैबल चट्टोपाध्याय को संस्थान का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है। सहदेव ने 1 नवंबर 2023 को निदेशक पद का कार्यभार संभाला था। आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) को कार्यस्थल पर महिला के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम (पीओएसएच) के तहत सहदेव सरकार के खिलाफ लिखित शिकायत मिली थी। आईसीसी ने मामले की सूचना बोर्ड ऑफ गवर्नर्स को दी और जांच की गई। संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की विशेष बैठक हुई। बैठक के बाद आरोपी प्रोफेसर सहदेव सरकार को निदेशक पद से हटा दिया गया है।
आतंकी मददगारों की 5 करोड़ की संपत्ति अटैच
ईडी ने आतंकी गतिविधियों और पत्थरबाजी के लिए पैसा जुटाने वाले जम्मू-कश्मीर के कुछ गुर्गाें की 5 करोड़ की संपत्ति और बैंक जमा राशि अटैच की है। ईडी ने कहा, इनका संबंध अलगाववादी संगठन साल्वेशन फ्रंट के प्रमुख मोहम्मद अकबर भट, फातिमा शाह, काजी यासिर, मोहम्मद अब्दुल्ला शाह और इकबाल मीर से है। मामला जम्मू-कश्मीर पुलिस की एफआईआर अकबर भट, फातिमा शाह, अल्ताफ अहमद भट, काजी यासिर, सैयद खालिद गिलानी और अन्य के खिलाफ दायर आरोपपत्र पर आधारित है।
एलएमवी में बदलाव पर समिति ने सौंपी रिपोर्ट
केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में बताया कि सरकार की ओर से नियुक्त समिति ने इस बात पर अपनी मसौदा रिपोर्ट सौंप दी है कि क्या एलएमवी लाइसेंस पर कानून में बदलाव की जरूरत है या नहीं। समिति ने इस बात की जांच की है कि क्या हल्के मोटर वाहन (एलएमवी) ड्राइविंग लाइसेंस रखने वाला व्यक्ति भी कानूनी तौर पर 7500 किलोग्राम वजन तक के परिवहन वाहन चलाने का हकदार है। सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की संविधान पीठ ने मुद्दे को सुलझाने के लिए केंद्र को 15 अप्रैल तक का समय दिया था। मामले की अगली सुनवाई 16 अप्रैल को होगी। पीठ ने केंद्र का प्रतिनिधित्व कर रहे अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमरमणी से कहा, यह आधा सुना हुआ मामला है।
हथियार लूट मामला : पांच के खिलाफ सीबीआई का आरोपपत्र
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मई, 2023 में मणिपुर पुलिसकर्मियों से हथियार व गोला-बारूद लूटे जाने के मामले में बुधवार को पांच लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया, आरोपपत्र असम के गुवाहाटी में कामरूप (मेट्रोपॉलिटन) के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के समक्ष दायर किया गया।
मुंबई में बॉलीवुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 20 जनवरी को
नए फिल्मकारों को मंच देने और सार्थक सिनेमा को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 20 जनवरी को बॉलीवुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (बिफ्फ) का आयोजन वेदा कुनबा थियेटर मुंबई में होने जा रहा है। इस मौके पर सिनेमा जगत से जुड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी। बता दें कि अभिनेता और डायरेक्टर प्रतिभा शर्मा व यशपाल शर्मा बिफ्फ के संस्थापक हैं।
हाईकोर्ट ने कर्नाटक सरकार पर लगाया 5 लाख का जुर्माना
तीन साल से आदेश का अनुपालन न करने पर कर्नाटक हाईकोर्ट ने राज्य सरकार पर पांच लाख का जुर्माना लगाया है। हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस प्रसन्ना बी वराले और जस्टिस कृष्णा एस दीक्षित की पीठ ने एक अवमानना याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। याचिका में कहा, सरकार ने हाईकोर्ट के उस आदेश का पालन नहीं किया, जिसमें कहा था कि सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में समान वेतन लागू करें।
बीसीआई ने प्राण प्रतिष्ठा के लिए मांगी 22 जनवरी को अदालतों में छुट्टी
बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा ने सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ को पत्र लिखकर 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर देश की सभी अदालतों में छुट्टी देने का अनुरोध किया। उन्होंने लिखा कि आयोजन देशभर के लाखों लोगों के लिए अत्यधिक धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है। यह एक लंबे समय से प्रतीक्षित सपने के साकार होने और कानूनी कार्यवाही की परिणति का प्रतीक है। जो देश की संरचना को परिभाषित करने में महत्वपूर्ण है।
तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन का एक्स अकाउंट हैक
तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन का एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट तीन दिन पहले हैक कर लिया गया था और उस पर कुछ संदेश भी पोस्ट किए गए थे। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। कहा कि इसके बाद राजभवन के अधिकारियों ने हैदराबाद पुलिस की साइबर अपराध शाखा में शिकायत दी। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
अगले महीने भाजपा में शामिल होंगे पूर्व आप विधायक भयानी
गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व विधायक भूपेंद्र भयानी अगले महीने भाजपा में शामिल होंगे। बुधवार को उन्होंने स्वयं यह जानकारी दी। साथ ही, दावा किया कि वह अपने दो हजार से अधिक समर्थकों के साथ तीन फरवरी को जूनागढ़ जिले के विसावदर निर्वाचन क्षेत्र में होने वाली एक रैली में भाजपा में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।