देशभर में लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाकर तीन मई तक कर दिया गया है। ऐसे में इस खतरनाक बीमारी से लड़ रहे कोरोना योद्धाओं की सुरक्षा को लेकर काफी सतर्कता बरती जा रही है। इस कड़ी में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के उन सभी सुरक्षाकर्मियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) दिए जाएंगे, जो देश में कॉमर्शियल उड़ानों के शुरू होने के बाद हवाई अड्डों पर यात्रियों की चेकिंग करेंगे।
सीआईएसएफ के जवानों को व्यक्तिगत रूप से दिए जाने वाले पीपीई की एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी है। दरअसल जवानों की सुरक्षा को देखते हुए बल ने करीब 500 पीपीई किट की खरीद की है। इसके अलावा अभी और पीपीई खरीदे जाने की प्रक्रिया चल रही है।
इस दौरान चिकित्सा विशेषज्ञों की मदद से रेनकोट में भी सुधार लाने की कोशिश की जा रही है। इससे टर्मिनल क्षेत्र में और उसके आसपास अन्य कामों के लिए तैनात सुरक्षाकर्मी कोरोना वायरस को रोकने के लिए पीपीई का इस्तेमाल कर सकेंगे।
सीआईएसएफ के विशेष महानिदेशक (एसडीजी) और हवाईअड्डा सुरक्षा के प्रमुख एम ए गणपति ने इस मामले पर कहा, "हवाईअड्डों पर यात्रियों की जांच करने वाले हमारे सभी सुरक्षाकर्मी पीपीई सूट पहनेंगे। मौजूदा समय में हमारे पास 500 पीपीई हैं। हम इसे अभी आगे और खरीदेंगे।" उन्होंने कहा कि इसके अलावा वहां तैनात बल के अन्य अधिकारियों के पास पर्याप्त संख्या में मास्क, सैनिटाइजर और जूता कवर होंगे।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल मौजूदा दौर में देश के 63 हवाई अड्डों की सुरक्षा करता है। सीआईएसएफ ने कई अन्य सुझाव भी दिए हैं। बल ने यह सुझाव भी दिया है कि यात्री परिचालन को कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त रखने के लिए उन लोगों को अलग किया जाना चाहिए, जो लोग घर या अस्पताल में कोरनटाइन में रह चुके हैं। हवाई अड्डे पर ऐसे यात्रियों की एक अलग हिस्से में चेकिंग की जा सकती है।