केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे स्टेशन पर मौजूद ऑटो ड्राइवरों से चर्चा करते हुए घोषणा भी की। रेल मंत्री ने कहा, यदि ऑटो ड्राइवरों को किसी तरह की समस्या का सामना करना पड़े तो वे 9717633061 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मंगलवार सुबह नई रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ऑटो रिक्शा चालकों और कुलियों से बातचीत की, उनकी शिकायतें सुनीं और उनके काम की स्थिति में सुधार के लिए समाधान का वादा किया। केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कुलियों और ऑटो रिक्शा चालकों को माला पहनाई। रेल मंत्री ने ऑटो रिक्शा चालकों को आश्वासन दिया कि उनकी चिंताओं का समाधान किया जाएगा। वैष्णव ने पार्किंग शुल्क को आधा करने और कठोर सर्दियों और मानसून के दौरान आश्रय प्रदान करने के लिए स्टेशन पर एक आराम घर बनाने का वादा किया।
विज्ञापन
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे स्टेशन पर मौजूद ऑटो ड्राइवरों से चर्चा करते हुए घोषणा भी की। रेल मंत्री ने कहा, यदि ऑटो ड्राइवरों को किसी तरह की समस्या का सामना करना पड़े तो वे 9717633061 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इस नंबर पर उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा रेल मंत्री ने दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पार्किंग शुल्क में भी बड़ी राहत देने की घोषणा की है। टैक्सी वालों के लिए पहले 1200 रुपये शुल्क था, लेकिन अब 400 रुपये देना होगा, वहीं ऑटो ड्राइवरों को पहले 700 रुपये देने पड़ते थे, लेकिन अब सिर्फ 200 रुपये देना होगा।
रेल मंत्री ने यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए कुछ और महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने बताया कि सर्दी और बारिश से बचने के लिए आराम घर बनाए जाएंगे। साथ ही रेलवे के कुलियों के लिए 50 से ज्यादा रेस्ट रूम भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा मेडिकल फैसिलिटी को बेहतर किया जाएगा और आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। रेलवे स्कूलों में कर्मचारियों के बच्चों के लिए शिक्षा की सुविधा भी दी जाएगी। रेल मंत्री ने कहा कि, रेलवे स्टेशन पर काम करने वाले कुलियों और यात्रियों दोनों का ध्यान समान रूप से रखा जाएगा। उनका कहना था कि ये बदलाव और सुविधाएं उनके काम को और बेहतर बनाने के लिए किए गए हैं ताकि सभी को ज्यादा सुविधाएं मिलें और वे बिना किसी परेशानी के अपनी सेवा दे सकें।