बिहार के प्रसिद्ध सुपर 30 क्लास के संस्थापक आनंद कुमार ने मंगलवार को इंटरनेशनल प्रिंसिपल्स एजुकेशन सम्मलेन (आईपीईसी) 2019 में कहा कि जेएनयू में फीस वृद्धि पर जारी विरोध का हल सौहार्दपूर्ण तरीके से निकाला जाना चाहिए। प्रख्यात गणितज्ञ कुमार को सम्मलेन में ‘नचिकेता सर्वोत्तम पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
जेएनयू की मौजूदा स्थिति पर सवाल किए जाने पर आनंद कुमार ने कहा कि ‘मुझे लगता है कि फीस में वृद्धि केवल उन पर लागू होने चाहिए, जो इसका भुगतान करने में सक्षम हैं। अमीर और जिनके पास पैसे की कमी नहीं है, उन्हें बढ़ी हुई फीस का भुगतान करना चाहिए। उन लोगों पर ध्यान देना चाहिए जो प्रतिभाशाली हैं, लेकिन जरूरतमंद हैं।’
उन्होंने कहा कि ‘ऐसे गरीब लेकिन मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति और अन्य तरीके से सहायता उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘अधिकारियों और छात्रों को एक साथ बैठकर समस्या का समाधान निकालना चाहिए। सरकार को फीस में बढ़ोतरी पर पुनर्विचार करना चाहिए, ताकि जरूरतमंद वंचित ना रह जाएं।’
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की छात्रावास नियमावली के मसौदे के खिलाफ छात्र लगभग तीन सप्ताह से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मसौदे में छात्रावास शुल्क वृद्धि, ड्रेस कोड और आने-जाने के समय पर प्रतिबंध का प्रावधान है। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय ने परिसर में सामान्य कामकाज बहाल करने के तरीकों की सिफारिश करने के लिए सोमवार को तीन सदस्यीय समिति का गठन भी किया था।