फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

NEET पेपर लीक पर सियासत तेज: री-नीट-CBI जांच से कांग्रेस क्यों है परेशान? भाजपा नेता संजय मयूख ने उठाए सवाल

Sat, 16 May 2026 10:44 PM IST
Rahul Kumar डिजिटल ब्यूरो अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रमुख और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संजय मयूख ने शनिवार को कहा, कांग्रेस का इतिहास युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का रहा है। यूपीए शासनकाल में AIPMT पेपर लीक, SSC घोटाला और CBSE पेपर लीक जैसे कई मामले सामने आए, लेकिन तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
विज्ञापन
संजय मयूख - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नीट पेपर लीक मामले को लेकर देश की राजनीति गर्म है। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच एक दूसरे पर निशाना साध रहे है। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रमुख और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संजय मयूख ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर जवाबी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने नेता विपक्ष के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण, संवेदनहीन और पूरी तरह राजनीति से प्रेरित बताया।

डॉ. संजय मयूख ने कहा, राहुल गांधी लगातार भ्रम फैलाने और खोखले आरोप लगाने की राजनीति कर रहे हैं। जबकि यह समय लाखों छात्रों के दर्द को समझने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने का है। कांग्रेस एक बार फिर छात्रों के भविष्य से ज्यादा अपनी राजनीति को महत्व दे रही है। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि 22 लाख छात्रों की चिंता करने के बजाय कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा, केंद्र सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सीबीआई जांच, री-नीट परीक्षा और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसे बड़े फैसले लिए। अगर सरकार कोई कदम नहीं उठाती तो यही विपक्ष सरकार पर निष्क्रियता का आरोप लगाता, लेकिन अब सख्त कार्रवाई होने के बाद कांग्रेस के पास मुद्दा ही नहीं बचा है।

भाजपा नेता ने कांग्रेस के पुराने कार्यकाल को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, कांग्रेस का इतिहास युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का रहा है। यूपीए शासनकाल में AIPMT पेपर लीक, SSC घोटाला और CBSE पेपर लीक जैसे कई मामले सामने आए, लेकिन तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस अपने पुराने रिकॉर्ड पर नजर डाले।

डॉ. मयूख ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही है। इस मामले के कथित मास्टरमाइंड पी.वी. कुलकर्णी को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा मंधारे समेत कई संदिग्धों पर कार्रवाई हुई है। जयपुर, गुरुग्राम और नासिक सहित कई शहरों में ऑपरेशन चलाकर आरोपियों को पकड़ा गया है। यह सिर्फ बयानबाजी नहीं, बल्कि जमीन पर दिखने वाली सख्त कार्रवाई है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, इस समय छात्रों को राजनीति नहीं, बल्कि भरोसे और समर्थन की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार हर ईमानदार और मेहनती छात्र के साथ मजबूती से खड़ी है और पेपर लीक माफियाओं या राजनीतिक अवसरवादियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें