Congress Leaders(File Photo)
- फोटो : ANI
पार्टी प्रवक्ता और बैठक में शामिल रहे नेताओं ने इस बात से इनकार किया कि राहुल गांधी की जगह नए अध्यक्ष को लेकर कोई चर्चा हुई। हालांकि सूत्रों के मुताबिक, नेताओं के बीच पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के ट्वीट को लेकर चर्चा हुई। कैप्टन के किसी युवा को अध्यक्ष बनाने की मंशा पर भी आपस में बातचीत हुई।
सूत्रों की मानें तो बैठक में अभी भी कुछ नेता चाहते हैं कि राहुल अपने फैसले पर पुनर्विचार करें। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई और आगे भी करते रहेंगे। कैप्टन के बयान पर उन्होंने टिप्पणी करने से मना कर दिया।
पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बैठक को पूरी तरह से कर्नाटक संकट पर केंद्रित बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई और न ही कोई अधिकृत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ही कांग्रेस अध्यक्ष हैं और जब तक सीडब्ल्यूसी उनके इस्तीफे पर निर्णय नहीं लेती है तब तक अध्यक्ष रहेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल ही एकमात्र नेता हैं जिनके नेतृत्व में कांग्रेस प्रजातंत्र पर हमला बोलने वाली भाजपा का डटकर मुकाबला कर सकती है।
उन्होंने इन खबरों का भी खंडन किया गांधी परिवार का कोई भी सदस्य सीडब्ल्यूसी की बैठक में शामिल नहीं होगा। उनका कहना है कि सोनिया और राहुल गांधी सीडब्ल्यूसी का अहम हिस्सा हैं। गांधी परिवार के विदेश जाने की खबरों को उन्होंने भाजपा प्रायोजित और अफवाह बताया।