चुनाव आयोग की ओर से शुक्रवार को पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अव्वल तो कुछ पार्टियों ने चुनाव कार्यक्रम को लेकर ही सवाल उठाए हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ ने मजबूती से मुकाबला करने का दम भरा है। आइए जानते हैं किसने क्या कहा...
पहले जानें चुनाव कार्यक्रम
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में चुनाव होगा। पहला चरण- 27 मार्च को होगा, दूसरा- 1 अप्रैल, तीसरा- 6 अप्रैल, चौथा- 10 अप्रैल, पांचवां चरण- 17 अप्रैल, छठा चरण- 22 अप्रैल, सातवां चरण- 26 अप्रैल, आठवें चरण का मतदान- 29 अप्रैल को होगा।
पुडुचेरी में चुनाव 6 अप्रैल को होंगे, मतगणना 2 मई को होगी। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 6 अप्रैल को होंगे; मतगणना 2 मई को होगी। केरल विधानसभा चुनाव- 6 अप्रैल को होंगे; मतगणना 2 मई को होगी। असम विधानसभा चुनाव 3 चरणों में होंगे- प्रथम चरण का मतदान- 27 मार्च, दूसरे चरण का मतदान- 1 अप्रैल और तीसरे चरण का मतदान -6 अप्रैल को होगा। मतगणना 2 मई को होगी।
यहां पढ़ें पूरी खबर
बंगाल: ममता बनर्जी ने उठाए चुनाव कार्यक्रम पर सवाल
भारतीय चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में इस बार आठ चरणों में चुनाव कराने का फैसला किया। इसके बाद राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे लेकर सवाल उठाए। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि बंगाल में आठ चरणों में चुनाव भाजपा के कहने पर करवाए जा रहे हैं। बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग ने वही किया जो भाजपा ने कहा।
ममता बनर्जी ने सवाल किया कि जब तीन राज्यों में एक चरण में और असम में तीन चरणों में चुनाव कराया जा रहा है तो बंगाल में आठ चरणों में चुनाव कराने का फैसला क्यों लिया गया। उन्होंने कहा कि एक ही जिले में दो-तीन चरणों में चुनाव क्यों कराए जा रहे हैं, यह भाजपा ने जानबूझ कर करवाया है। ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन, भाजपा को बंगाल की जनता जवाब देगी। उन्होंने कहा कि खेल जारी है, हम खेलेंगे और जीतेंगे।
यहां पढ़ें पूरी खबर
कांग्रेस डट के मुकाबला करेगी: आजाद
विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान पर कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कांग्रेस डट के मुकाबला करेगी। कांग्रेस पार्टी का प्रयास होगा हम पांचों राज्यों में चुनाव लड़ेंगे और अच्छा करेंगे। हमारा प्रयास होगा कि कांग्रेस की विजय हो जाए।