केरल की राजधानी तिरूवनंतपुरम में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राज्य की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा के खिलाफ प्रदर्शन किया। बीजेपी कार्यकर्ता बुखार से होने वाली मौतों से नाराज हैं। इस दौरान बीजेपी के कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए।
गौरतलब है कि केरल में जनवरी से अब तक बुखार की चपेट में आकर 110 लोगों से ज्यादा की मौत हो गई है। जिनमें 50 से ज्यादा स्वाइन फ्लू के मरीज हैं। जबकि 11 डेंगू के मरीज शामिल थे।
सूत्रों के मुताबिक इस बीच में 11.30 लाख लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया जा चुका है। केरल में एच1एन1 के अलावा डेंगू और चेचक समेत अलग-अलग तरह के बुखार के मामले सामने आ रहे हैं। इस वजह से स्वास्थ्य विभाग को इनसे निपटने के लिए काफी उपकरणों की जरुरत पड़ रही है।
स्वास्थ्य विभाग की और से स्थिति को काबू में करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं लगातार बढ़ रही बुखार से मौतों पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी पुलिस से भी झड़प हुई।