विवादों में घिरा स्वयंभू बाबा नित्यानंद देश छोड़कर फरार हो गया है। गुजरात पुलिस ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी। नित्यानंद के खिलाफ बुधवार को अहमदाबाद में मामला दर्ज किया गया था। उस पर आरोप है कि अपना आश्रम चलाने के लिए बच्चों का अपहरण कर उनसे श्रद्धालुओं से चंदा जुटाने के लिए मजबूर करता था। पुलिस ने इस मामले में उसकी दो अनुयायियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया था। वहीं, अहमदाबाद के बाहरी इलाके में हीरापुर गांव में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (पूर्व) के प्रिंसिपल हितेश पुरी को भी नित्यानंद को आश्रम के लिए जमीन देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
गुजरात हाईकोर्ट ने बुधवार को जनार्दन शर्मा की याचिका पर गुजरात सरकार, पुलिस महानिदेशक, पुलिस अधिकारियों, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष और स्वामी नित्यानंद को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। शर्मा ने याचिका में कहा कि पुलिस ने उनकी दो बेटियों को तो मुक्त करा लिया, लेकिन उनकी बड़ी बेटी लोपमुद्रा (21) और नंदिता शर्मा (18) अब भी नित्यानंद की हिरासत में हैं।
गुजरात पुलिस ने गुरुवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया है। प्रिंसिपल पर आरोप है कि उन्होंने आश्रम के लिए विवादित स्वयंभू स्वामी नित्यानंद को जमीन देने के दौरान सरकारी नियमों का उल्लंघन किया है।
पुलिस ने कहा कि अहमदाबाद के बाहरी इलाके में हीरापुर गांव में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (पूर्व) के प्रिंसिपल हितेश पुरी ने जिला कलेक्टर की अधिसूचना को नजरअंदाज किया।
उन्होंने आगे कहा कि स्कूल अधिकारियों ने विवादास्पद गुरु नित्यानंद के आश्रम के लिए जमीन को पट्टे पर देने के बाद पुलिस को सूचित करने से संबंधित दस्तावेजों को पेश नहीं कर पाए और पुरी को आईपीसी की धारा 188 के तहत गिरफ्तार कर लिया।