पश्चिम बंगाल के सत्ताधारी दल टीएमसी ने विधानसभा चुनाव से पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर कहा है कि भाजपा शासित राज्यों की पुलिस की तैनाती को रोकें। सत्ताधारी दल को दरअसल भाजपा के स्टार प्रचारक और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पुलिस की बंगाल में तैनाती से सख्त आपत्ति है।
अधिकारी को लिखे पत्र में कहा गया है, ऐसा हमारी जानकारी में आया है कि उत्तर प्रदेश की राज्य सशस्त्र पुलिस (एसएपी) की 30 कंपनियों को पश्चिम बंगाल में तैनात करने का निर्देश दिया है।
हालांकि टीएमसी ने गैर भाजपा शासित राज्यों की सैप की तैनाती पर आपत्ति नहीं जताई है, लेकिन उत्तर प्रदेश की पुलिस की तैनाती को लेकर पार्टी ने गंभीर आपत्ति की है।
टीएमसी ने कहा है कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पुलिस राज्य में सभी को समान अवसर के मौके को प्रभावित करेगी और इसलिए हमें आशंका है कि यह भाजपा के पक्ष में काम करेगी।
मालूम हो कि बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा और तृणमूल के बीच सत्ता को लेकर कांटे की टक्कर है और प्रचार के दौरान दोनों दलों के नेता एक दूसरे पर गंभीर आरोप-प्रत्यारोपों के तीन चला रहे हैं।