कटक रेलवे स्टेशन पर कांस्टेबल तुलु बेहेरा ने ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसे यात्री की जान बचाई। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल है और लोग कांस्टेबल की सराहना कर रहे हैं। डीजीपी ने 2,500 रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
ओडिशा के कटक रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक कांस्टेबल ने बहादुरी दिखाते एक व्यक्ति की जान बचा ली। व्यक्ति फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की खाई में फंस गया था।
विज्ञापन
कांस्टेबल तुलु बेहेरा प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति कन्याकुमारी-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश करते हुए नीचे गिर गया। यह ट्रेन रवाना हो रही थी। बेहेरा ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उस व्यक्ति का हाथ पकड़कर उसे ऊपर खींच लिया और उसे मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया। यह घटना सुबह लगभग 8 बजे हुई।
यात्रा करने वाला व्यक्ति पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर का मोहम्मद मुजाहिर (44 वर्षीय) था। वह ट्रेन की सीढ़ियों पर चढ़ते समय फिसल गया और प्लेटफॉर्म के किनारे और ट्रेन के पहियों के बीच कुचले जाने के बेहद करीब पहुंच गया था।
सोशल मीडिया पर हो रही कांस्टेबल की प्रशंसा
अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उनकी बहादुरी की प्रशंसा कर रहे हैं और उन्हें असली हीरो बता रहे हैं। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि कांस्टेबल बेहेरा ने जान बचाकर असाधारण बहादुरी का परिचय दिया।
डीजीपी ने की ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाईबी खुरानिया ने कांस्टेबल को 2,500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (रेलवे) अरुण बोथरा ने भी बेहेरा से बात की और उनके साहस और सूझबूझ की सराहना की।