अपनी कविता के जरिये पाकिस्तान को चेतावनी देने वाले हिमाचल प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल मनोज ठाकुर को जान से मारने की धमकी मिल रही है। बताया जा रहा है कि उड़ी हमले के बाद से उन्हें यह धमकियां पाकिस्तान से मिल रही है। ठाकुर ने फेसबुक में पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि उन्हें एक पाकिस्तानी नागरिक जान से मारने की धमकी दे रहा है। हालांकि धमकी से बिना डरे उन्होंने खुशी जताई कि दूसरी तरफ डर और उलझन बनी हुई है। साथ ही उन्होंने कहा, ‘मुझे सौगंध है अपनी मातृभूति की, अपने शहीदों की, अगर कभी उन दुश्मनों से मेरा सामना हुआ तो इतना कोहराम मचाऊंगा की इनकी नस्ल को तबाह कर दूंगा।’
उड़ी हमले के बाद जब लोग गुस्से में थे तो मनोज ठाकुर ने ‘कश्मीर तो होगा, लेकिन पाकिस्तान नहीं होगा’ शीर्षक वाली कविता पढ़ी थी। ये कविता बस में शूट की गई थी। ये कविता सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। उन्होंने ये कविता कारगिल दिवस के मौके पर पढ़ी थी। लेकिन उड़ी हमले के बाद ये ज्यादा लोकप्रिय हो गई।