पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में लोगों ने पीएम मोदी से की दखल की अपील।
- फोटो : Social Media
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में इमरान सरकार के जुल्मों की कहानी किसी से छिपी नहीं है। ऐसे में इस क्षेत्र के लोग अब भारत से मदद मांगने आगे आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पीओके के मुजफ्फराबाद से सामने आया है, जहां स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई की वजह से एक बुजुर्ग को परिवार समेत घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। इस व्यक्ति का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगते सुना जा सकता है।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें दिख रहे बुजुर्ग का नाम मलिक वसीम बताया गया है। वीडियो में बुजुर्ग को रोते हुए दिखाया गया। वह पीएम मोदी से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहता है- "पुलिस और अधिकारियों ने हमारे घर को सील कर दिया है। अगर मुझे या मेरे परिवार को कुछ होता है तो मुजफ्फराबाद के कमिश्नर, तहसीलदार इसके लिए जिम्मेदार होंगे।" वीडियो में वसीम की पत्नी और बच्चों को पीछे बैठे देखा जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक, वसीम को स्थानीय प्रशासन ने घर से निकाला है। बताया गया है कि उसकी जमीन पर एक प्रभावी व्यक्ति ने पुलिस की मदद से कब्जा कर लिया। वसीम का कहना है कि उनकी जमीन भारत की है और यह गैर मुस्लिम और सिखों की है। वीडियो में वसीम कहता है कि पुलिस ने कई हजार लोगों के घरों को सील कर दिया है और उनके परिवार और बच्चे सड़कों पर रहने के लिए मजबूर हैं।
इसी वीडियो में बुजुर्ग आगे कहते हैं- "मैं पीएम मोदी से अपील करता हूं कि वे पाकिस्तान को करारा जवाब दें। यह आपकी संपत्ति है। यह संपत्ति गैर मुस्लिमों और सिखों की है। यहां के लोगों को ऐसी प्रताड़ना से बचाइए। आखिर क्यों पुलिस हमें ठंड में रहने पर मजबूर कर रही है। आखिर किन नियमों के तहत उन्होंने हमें घर से निकाला है।"