पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में हुए 13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के घोटाले में ईडी ने हीरा व्यापारी नीरव मोदी की 147.72 करोड़ रुपये की कुछ और संपत्तियां जब्त कर ली हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने बताया कि भगोड़े हीरा व्यापारी ओर उसकी कंपनियों से जुड़ी ये चल व अचल संपत्तियां मुंबई और गुजरात के सूरत शहर में अटैच की गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि 147,72,86,651 रुपये कीमत वाली इन संपत्तियों में 8 कारें, हीरा तराशने का प्लांट व मशीनरी, गहनों की खेप, पेंटिंग्स और कुछ बिल्डिंग शामिल हैं। मनी लांड्रिंग निरोधी कानून (पीएमएलए)-2002 के तहत की गई इस कार्रवाई में अटैच की गई ये संपत्तियां नीरव मोदी के अलावा उसके समूह की कंपनियों फायरस्टार डायमंड इंटरनेशनल लिमिटेड, फायरस्टार इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड, राधेशीर ज्वैलरी कंपनी प्राइवेट लिमिटेड और रिद्म हाउस प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर दर्ज हैं।
सीबीआई की तरफ से इस मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने भी पिछले साल 15 फरवरी को नीरव मोदी, उसके मामा मेहुल चोकसी व कई अन्य के खिलाफ पीएमएलए के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इन सभी पर कुछ बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर लैटर ऑफ अंडरटेकिंग्स (एलओयू) के जरिए पंजाब नेशनल बैंक से 13 हजार करोड़ से भी ज्यादा रकम अन्य बैंकों के नाम जारी कराकर गायब करने का आरोप है, जिससे बैंक को जबरदस्त घाटा हुआ था।
4765 करोड़ की संपत्ति हो चुकी अब तक जब्त
ईडी के मुताबिक, अभी तक नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी की देश व विदेश में तकरीबन 4765 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। ताजा कार्रवाई से पहले तक अकेले नीरव मोदी और उसकी कंपनियों की ही 2215.11 करोड़ रुपये की संपत्ति ईडी अपने कब्जे में ले चुका है, जिनमें बंगला, कामर्शियल संपत्तियों समेत सोना, हीरा, सोने-चांदी की ईंटें, गहने और अन्य कीमती सामान भी शामिल है। चोकसी भी इस मामले में फरार है और फिलहाल कैरेबियाई देश एंटीगुआ में शरण लिए हुए है, जहां से उसके प्रत्यर्पण की कोशिश भारत सरकार कर रही है।