पंजाब नेशनल बैंक घोटाला सामने आने के बाद अभी तक कई लोगों पर जांच एजेंसियां गाज गिरा चुकी हैं। सीबीआई और ईडी लगातार जहां छापेमारी और बैंक अधिकारियों से पूछताछ कर रही है। वहीं नीरव मोदी और मेहुल चोकसी पर भी कार्रवाई तेज कर दी है।
उधर, कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी की पत्नी को आयकर विभाग ने नोटिस भेजा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंघवी की पत्नी अनीता सिंघवी से पूछताछ के लिए इनकम टैक्स की तरफ से नोटिस भेजा गया है। आपको बता दें कि रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने सिंघवी की पत्नी पर गलत तरीके से ज्वेलरी खरीदने का दावा किया था।
रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया था कि ट्रांजेक्शन की तारीख के अनुसार 20 मई, 2014, 21 अगस्त, 2014 और 17 जनवरी, 2015 के दौरान के अनुसार अनीता सिंघवी के पैन नंबर से डेढ़ करोड़ रुपए की ज्वैलरी खरीदी गई है। सभी भुगतान चेक के द्वारा किए गए हैं। हालांकि सिंघवी ने इन ट्रांजेक्शन के बारे में जानकारी होने से साफ मना कर दिया था। उन्होंने कहा कि मुझे उनकी (पत्नी) ज्वैलरी खरीदारी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इससे पहले भाजपा ने घोटाले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सिंघवी को लपेटा था।
सिंघवी का कहना है कि बेतुके आरोप लगाकर गैरजिम्मेदाराना बात कही गई है। इसके लिए मैं निर्मला सीतारमण और उनके सहयोगियों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करुंगा। उनके खिलाफ कानून कार्रवाई का अधिकार है और सभी को इसमें शामिल करेंगे।