प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पीएनबी घोटाला मामले में प्रिवेशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत बड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने इन दोनों के नियंत्रण वाली 41 अचल संपत्तियों को अटैच किया है। इन संपत्तियों का बाजार मूल्य 1217.20 करोड़ रुपये है। ये अचल संपत्ति कई राज्यों में स्थित हैं।
ईडी ने प्रिवेशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत की कार्रवाई
ईडी की तरफ से बृहस्पतिवार को यहां जारी एक बयान के मुताबिक इन दोनों के मुंबई में 15 फ्लैट और 17 ऑफिस, कोलकाता में एक शापिंग मॉल, अलीबाग में चार एकड़ क्षेत्र में फैला फार्म हाउस, अलीबाग, नासिक, नागपुर, पनवेल और तमिलनाडु के विल्लुपुरम में 231 एकड़ जमीन अटैच की गई है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के रंगारेड्डी जिले में मेसर्स हैदराबाद जेम्स एसईजेड के नाम से बना एक हार्डवेयर पार्क भी अटैच किया गया है। यह पार्क 170 एकड़ में फैला है और इसकी कीमत करीब 500 करोड़ रुपये आंकी गई है।
एक अधिकारी का कहना है कि पीएनबी धोखाधड़ी मामले के संबंध में बुधवार को नीरव मोदी और उनके रिश्तेदार चोकसी के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। ब्लू कॉर्नर नोटिस आपराधिक जांच में किसी व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाने तथा उसकी पहचान करने और उसका पता लगाने के लिए जारी किया जाता है।
दोनों के खिलाफ ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने यह नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 22 फरवरी से एक साल तक के लिए वैध रहेगा। इससे पहले ईडी ने बीते 16 फरवरी को पीएमएलए के तहत नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसस पहले केन्द्रीय जांच ब्यूरो द्वारा इन दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है।