नीरव के वकील विजय अग्रवाल का कहना है कि पीएनबी घोटाला केस अदालत में भरभराकर गिर जाएगा। 2जी घोटाले में कई हाई प्रोफाइल आरोपियों का केस लड़ने वाले अग्रवाल के अनुसार पीएनबी घोटाले का वही अंजाम होगा जो 2जी और बोफोर्स दलाली मामले का हुआ था। हाल ही में 2जी केस में कोर्ट ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया था।
बकौल अग्रवाल, जांच एजेंसियां उनके मुवक्किल के खिलाफ लगाए गए आरोपों को कोर्ट में साबित नहीं कर पाएंगी। जांच एजेंसियों द्वारा मीडिया में इस केस को लेकर चाहें जितने आरोप उछाले जाएं, उन्हें अदालत में सही ठहराना मुश्किल होगा। इसके मद्देनजर उन्हें पूरी उम्मीद है कि नीरव मोदी दोषी नहीं ठहराए जाएंगे।
मालूम हो कि सीबीआई ने पीएनबी में 114 अरब रुपये के घोटाले में नीरव के अलावा उसकी पत्नी, भाई और बिजनेस पार्टनर एवं गीतांजलि जेम्स के मालिक मेहुल चीनूभाई चोकसी को आरोपी बनाया है।
अग्रवाल के अनुसार पीएनबी ने अपनी गलतियों को छुपाने के लिए नीरव मोदी एवं अन्य के खिलाफ इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई है। अपनी देनदारियों से बचने के लिए बैंक ने घोटाले की फर्जी कहानी बनाई है। यह पूछे जाने पर कि बैंक के इस आरोप के खिलाफ उनकी क्या रणनीति होगी, अग्रवाल ने कहा कि चार्जशीट दायर होने के बाद ही वह अपनी रणनीति का खुलासा करेंगे।
मेरा मुवक्किल भागा नहीं है
अग्रवाल ने कहा कि यह गलत प्रचार किया जा रहा है कि उनका मुवक्किल देश छोड़कर भाग गया है। भला कोई अपनी 5000 करोड़ रुपये की संपत्ति छोड़कर क्यों भागेगा। हालांकि उन्होंने नीरव के ठिकाने के बारे में कोई भी जानकारी देने से इनकार किया।
मेरे कर्मियों को वेतन दें बैंक
नीरव मोदी ने पीएनबी को लिखी चिट्ठी में कहा है कि बैंक उसके 2200 कर्मचारियों को वेतन देने का इंतजाम करे। उसने कहा है कि फायर स्टार इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड और फायर स्टार डायमंड्स प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों को उसके चालू खातों में जमा रकम से वेतन भुगतान किया जाए। इस संबंध में जल्दी ही उसके एचआर हेड कर्मचारियों की सैलरी का ब्रेकअप भेज देंगे।