पीएनबी घोटाला सामने आने से पहले ही नीरव मोदी और उसका मामा मेहुल चोकसी भारत से फरार हो चुके थे। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने नीरव पर शिकंजा कसना शुरू किया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत अब तक नीरव की 1873.08 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। नीरव और उसके परिवार से जुड़ी 489.75 करोड़ की संपत्ति भी जब्त की जा चुकी है।
नीरव के नवी मुंबई में अवैध रूप से समुद्र किनारे बने बंगले को पिछले दिनों विस्फोट से उड़ा दिया गया था। 30 हजार स्क्वॉयर फीट के इस बंगले की कीमत करोड़ों बताई जा रही थी। नीरव पिछले साल जनवरी में देश छोड़कर फरार हो गया था।
हाल में उसे लंदन की सड़कों पर घूमते देखा गया था। गौरतलब है कि भारतीय अधिकारियों ने नीरव के खाते फ्रीज कर दिए हैं। फिर भी वह लंदन में बिजनेस चला रहा है। उसने खुद को ब्रिटेन के कंपनी कार्यालय में घड़ियों, आभूषणों के थोक कारोबारी और खुदरा विक्रेता के तौर पर पंजीकृत कराया है। लंदन में नीरव को नेशनल इंश्योरेंस नंबर भी जारी किया गया है, जिसके तहत वह यहां वैध तरीके से न केवल बिजनेस कर सकता है, बल्कि ब्रिटिश बैंक के अकाउंट भी इस्तेमाल कर सकता है।
72 करोड़ रुपये के अपार्टमेंट में नीरव
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नीरव लंदन के वेस्ट एंड इलाके में 80 लाख पाउंड (करीब 72 करोड़ रुपये) के अपार्टमेंट में रह रहा है। इसके लिए वह हर महीने अपार्टमेंट का 17 हजार पाउंड (करीब 15.5 लाख रुपये) किराया चुका रहा है।