प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
उत्तर प्रदेश के औरैया में शनिवार को सड़क दुर्घटना में मारे गए प्रवासी मजदूरों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की राशि देने को भी मंजूरी दी।
पीएमओ ने ट्वीट किया, 'उत्तर प्रदेश के औरैया में इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मंजूर की गई है।’ बता दें कि औरैया के निकट एक राजमार्ग पर शनिवार की सुबह एक ट्रेलर और ट्रक की टक्कर में 25 प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए थे।