प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यालय ने जिला प्रशासन के आला अधिकारियों से वार्ता की बनारस में बाढ़ के हालात की जानकारी ली। साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने को कहा। पीएमओ के निर्देश पर ही एनडीआएफ टीम मोदी के संसदीय दफ्तर पहुंची और भाजपा नेताओं के साथ बैठक में बाढ़ पीड़ितों की मदद की योजना पर चर्चा हुई।
भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, संगठन मंत्री रत्नाकर ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में तय किया कि तत्काल प्रभाव से संसदीय कार्यालय में बाढ़ पीड़ित सहायता केन्द्र और नियंत्रण कक्ष खोला जाय। यहां 24 घंटे पार्टी का कोई पदाधिकारी उपलब्ध रहे। तय हुआ कि प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश त्रिवेदी, सुधीर मिश्र एवं धर्मेंद्र सिंह पूरी व्यवस्था के समन्वय का कार्य देखेंगे।
इसी क्रम में धर्मेंद्र सिंह, नागेंद्र रघुवंशी एवं महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने देर शाम डीएम विजय किरण आनंद से मुलाकात कर प्रशासनिक सहायता और अधिक चुस्त करने की अपील की। संसदीय कार्यालय के प्रभारी शिवशरण पाठक ने बताया कि पीएमओ को बाढ़ से जुड़ी पल-पल की अपडेट जनसंपर्क कार्यालय से भेजी जा रही है।
संसदीय कार्यालय में खुला कंट्रोल रूम, फोन नंबर - 0542 2314000, मोबाइल नंबर - 9450211400