प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को कोलकाता में तीन दिन चलने वाले संयुक्त कमांडर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस सम्मेलन का विषय ‘सुधारों का वर्ष – भविष्य के लिए बदलाव’ है, जिसमें सशस्त्र बलों के अंदर बदलाव, एकता और तकनीकी आधुनिकीकरण पर फोकस किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को कोलकाता में तीन दिन चलने वाले संयुक्त कमांडर सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। एक रक्षा अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि यह सम्मेलन 15 से 17 सितंबर तक चलेगा और इसमें सुधार, बदलाव और संचालन की तैयारी पर फोकस किया जाएगा। बयान में बताया गया कि इस साल के सम्मेलन का विषय 'सुधारों का वर्ष-भविष्य के लिए बदलाव' है।
बयान में कहा गया है कि इस सम्मेलन का फोकस सशस्त्र बलों के अंदर सुधार लाने, उनकी एकता बढ़ाने और नई तकनीक अपनाने पर होगा। साथ ही, यह सुनिश्चित करना है कि सेना हर तरह के हालात में पूरी तैयारी के साथ काम कर सके।
इस सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, सीडीएस जनरल अनिल चौहान और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।
यह सम्मेलन सशस्त्र बलों का सर्वोच्च विचार-विमर्श मंच है, जो देश के शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व को साथ लाकर रणनीतिक और वैचारिक स्तर पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर देता है।