प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम के दौरे पर हैं। इस दौरान वह मंगलवार को गंगटोक में कुछ युवाओं के साथ फुटबॉल खेलने में शामिल हुए। उन्होंने इसे एक प्यारी सुबह और ऊर्जावान सत्र बताया। पीएम मोदी ने अपने इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया हैंडल्स पर फुटबॉल खेलने की वीडियो को साझा भी किया। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से ओलंपिक और अन्य विषयों पर चर्चा भी की। प्रधानमंत्री को महिला खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल का आनंद लेने के अलावा खेल-कूद के मुद्दे पर चर्चा करते भी सुना गया।
अधिक खिलाड़ी इन्हीं राज्यों से हैं
भारत की कुल जनसंख्या का लगभग 3.8 प्रतिशत हिस्सा असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा राज्यों में रहता है। फिर भी ये राज्य देश की शीर्ष फुटबॉल प्रतिभाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा पैदा करते हैं। आमतौर पर इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) और अन्य शीर्ष लीगों में खेलने वाले खिलाड़ियों में से लगभग एक तिहाई या उससे अधिक खिलाड़ी इन्हीं राज्यों से होते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का दो दिन का दौरा
सिक्किम को राज्य का दर्जा मिलने की 50वीं वर्षगांठ के समापन समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री सोमवार को गंगटोक पहुंचे। उन्होंने दो किलोमीटर लंबी सांस्कृतिक सड़क यात्रा का आयोजन किया। जिसमें उत्साहित निवासियों ने तिरंगा लहराते हुए और पारंपरिक पोशाक पहने हुए उनका स्वागत करने के लिए सड़कों के दोनों किनारों पर कतारें लगा दीं।
प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ पीएम मोदी का संवाद
सोमवार को इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पद्म पुरस्कार विजेताओं और विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ ज्ञानवर्धक बातचीत की। प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में बैठक का विवरण साझा करते हुए कहा कि उपस्थित लोगों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना अद्भुत रहा। उन्होंने विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों के साथ जुड़ने के महत्व पर प्रकाश डाला।
यह भी पढ़ें- बैंक ने मांगा सबूत तो कब्र खोद लाया भाई: कंधे पर ढोने को मजबूर हुआ बहन का कंकाल, क्या है पूरा मामला?
क्या है कार्यक्रम
उनकी गंगटोक यात्रा को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला है। इस यात्रा के दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री के गंगटोक में स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा करने का कार्यक्रम है, जिसे राज्य की समृद्ध पारिस्थितिक और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए एक विश्व स्तरीय ऑर्किड अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी पालजोर स्टेडियम में स्वर्ण जयंती समारोह के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों में फैली परियोजनाओं का उद्घाटन, शुभारंभ और आधारशिला रखेंगे।