भूटान के प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- फोटो : PTI
भारत यात्रा पर आए भूटान के प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग के साथ शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों पड़ोसी देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने से जुड़े अहम मुद्दों पर बातचीत हुई।
शेरिंग गुरुवार को दिल्ली पहुंचे। पिछले महीने कार्यभार संभालने के बाद शेरिंग अपनी पहली विदेश यात्रा के तहत भारत दौरे पर आए हैं। उन्होंने यहां सुबह हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई।
इससे पहले गुरुवार की सुबह शेरिंग का राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक स्वागत किया गया।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी शुक्रवार सुबह भूटान के प्रधानमंत्री से मुलाकात की।
सुषमा ने भूटान के प्रधानमंत्री का पद संभालने के लिए शेरिंग को बधाई दी और दोनों नेताओं के बीच "विचारों का गर्मजोशी से आदान-प्रदान" हुआ।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने यह जानकारी दी।
भूटान के प्रधानमंत्री गुरुवार को सुबह राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि पर भी गए और बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की।