प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
- फोटो : यूट्यूब स्क्रीनशॉट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने देश के नाम संबोधन में गरीबों के लिए राशन वितरण की गरीब कल्याण अन्न योजना का नवंबर तक विस्तार करने का एलान किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इसे लेकर 16 भारतीय भाषाओं में ट्वीट किया। प्रधानमंत्री ने इन ट्वीट में इस योजना को गरीबों का सम्मान सुरक्षित करने वाली योजना बताया।
भोजपुरी भाषा में किए एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने लिखा, 'ई गरीबजन के सम्मान सुनिश्चित करे वाला बा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के आगे बढ़ावला से देश भर के करोड़ों लोगन के फैदा होई।' यानी यह योजना गरीब लोगों का सम्मान सुरक्षित करने वाली है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को आगे बढ़ाने से देशभर के करोड़ों लोगों को फायदा होगा।
इन भाषाओं में किए ट्वीट
प्रधानमंत्री ने मणिपुरी, कश्मीरी, भोजपुरी, मैथिली, मलयालम, उड़िया, लद्दाखी, गुजराती, कन्नड़, बांग्ला, पंजाबी, मराठी, तमिल और तेलुगू समेत 16 भाषाओं में ट्वीट किए।
80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मिलेगा नवंबर तक मुफ्त राशन
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, हमारे यहां वर्षा ऋतु के दौरान और उसके बाद मुख्य तौर पर कृषि सेक्टर में ही ज्यादा काम होता है। अन्य सेक्टरों में थोड़ी सुस्ती रहती है। जुलाई से धीरे-धीरे त्योहारों का भी माहौल बनने लगता है। त्योहारों का ये समय जरूरतें भी बढ़ाता है और खर्चे भी बढ़ाता है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार अब दीवाली और छठ पूजा तक, यानी नवंबर महीने के आखिर तक कर दिया जाए। इससे देश के 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को नवंबर तक मुफ्त राशन मिलेगा।