प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह महीने बाद मई और जून महीने में पांच देशों की विदेश यात्रा पर रहेंगे । पीएम की श्रीलंका, जर्मनी, स्पेन, रूस और कजाकिस्तान की यात्रा प्रस्तावित है। उनकी पिछली विदेश यात्रा जापान की थी, जहां वह पिछले साल नवंबर में गए थे। उसके बाद संसद का शीतकालीन सत्र और पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में पीएम व्यस्त रहे।
मई महीने के बीच में पीएम श्रीलंका के दौर पर जाएंगे, जहां वो एक बौद्ध सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। श्रीलंका में चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच पीएम मोदी वहां भारत और श्रीलंका के बीच मजबूत सांस्कृतिक संबंधों पर जोर देंगे। बता दें कि साल 2015 में पीएम श्रीलंका के दौरे पर गए थे। साथ ही पीएम मोदी रणनीतिक और निवेश साझेदारी के लिए जर्मनी, स्पेन और रूस का दौरा मई महीने के अंत में और जून की शुरूआत में करेंगे।
यहां रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पीएम मोदी की मुलाकात संभव है। क्योंकि भारत और रूस के बीच ये साल महत्वपूर्ण है। क्योंकि दोनों देशों के बीच बेहतर राजनयिक संबंध के 70 साल पूरे होने जा रहे हैं। इस मौके पर यहां जश्न मनाया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों में शामिल रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले नेता होंगे जिनसे मोदी 2017 में मुलाकात करेंगे।
7-8 जून के बीच प्रधानमंत्री कजाखिस्तान के दौरे पर रहेंगे, जहां शंघाई शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इस सम्मेलन में भारत को औपचारिक रूप से शंघाई सहयोग संगठन का हिस्सा बनाया जाएगा।