तमिलनाडु की एआईएडीएमके सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (24 फरवरी) को चेन्नई पहुंचेंगे। इस योजना के तहत कामकाजी महिलाओं को दो पहिया वाहन खरीदने पर 50 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी।
यह योजना पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता (अम्मा) को समर्पित है। पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता की इस ‘अम्मा दो पहिया योजना’ को उनके जयंती पर शुरू किया जाएगा। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, अगले दो दिनों में तमिलनाडु के अलावा प्रधानमंत्री दमन, पुदुचेरी और गुजरात का भी दौरा करेंगे।
शनिवार को प्रधानमंत्री दमन जाएंगे और कई विकास योजनाओं को लांच करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभांवितों को प्रमाणपत्र देंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वे तमिलनाडु जाएंगे और वहां दो पहिया योजना के उद्घाटन में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि इन दिनों तमिलनाडु की राजनीति में उथल- पुथल मची हुई है। भारतीय दक्षिण फिल्मों के सुपरस्टार कमल हासन ने बुधवार (21 फरवरी) को अपनी पार्टी लॉन्च की। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और तमिलनाडु में आम आदमी पार्टी के इंचार्ज और विधायक सोमनाथ भारती भी मौजूद रहे थे। लॉन्च के दौरान हासन ने कहा था कि 'मेरी नई पार्टी का नाम 'मक्कल नीति मय्यम' है। और मैं भाषण देने की बजाय जनता से सुझावों की मांग करूंगा।
बता दें कि पिछले साल सितंबर में केजरीवाल और अभिनेता कमल हासन ने मुलाकात की थी। उस समय हासन ने राजनीति में आने के अपने रुझान के बारे में शुरुआती संकेत देने शुरू कर दिए थे। एक ओर जहां देश के कई नेताओं ने कमल हासन को पार्टी बनाए जाने की बधाई दी है वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने कहा था कि तमिलनाडु में नई पार्टी के लिए कोई जगह नहीं है।