फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Speech Today Live Updates: बिहार विजय के बाद बोले पीएम मोदी, 'जीत का उन्माद नहीं, हार का अवसाद नहीं'

Wed, 11 Nov 2020 08:19 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Today PM Modi Speech Live Updates: कोरोना वायरस महामारी के बीच हुए बिहार विधानसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार सफलता हासिल की है। इन सफलताओं का जश्न मनाने के लिए बुधवार की शाम भाजपा मुख्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह आदि नेता पार्टी मुख्यालय पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि बिहार में हुए विधानसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों के परिणाम ने बता दिया है कि मेहनत करेंगे तो जनता आशीर्वाद देगी। उन्होंने परिवारवादी पार्टियों को लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि देश की जनता का भाजपा पर विश्वास बढ़ता जा रहा है। देश की नारी शक्ति को पीएम ने भाजपा का साइलेंट वोटर बताया। साथ ही बिहार में नीतीश के नेतृत्व पर भी उन्होंने मुहर लगाई। पढ़िए सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:16 PM, 11-Nov-2020

'वोकल फॉर लोकल' का मंत्र दिया

दिवाली की बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कोरोना से सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि अपना ध्यान रखिए, अपनों का भी ध्यान रखिए। एक बार फिर 'वोकल फॉर लोकल' का मंत्र देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दिवाली के साथ आने वाले हर त्योहार में, हर मौके पर हमें इसी का पालन करना है। इसी के साथ 'भारत माता की जय' के नारे लगाते हुए उन्होंने अपना संबोधन समाप्त किया।

08:13 PM, 11-Nov-2020

लोकतंत्र में हिंसा का स्थान नहीं

बंगाल और केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले की घटनाओं को लेकर पीएम ने कहा कि जो लोग हमें सीधे चुनौती नहीं दे पा रहे हैं वो हमारे कार्यकर्ताओं के साथ हिंसा रहे हैं, उनकी हत्या कर रहे हैं। लेकिन लोकतंत्र में हिंसा का स्थान नहीं है, कार्यकर्ताओं को मारना ठीक नहीं है, मौत का खेल खेलकर कोई मत नहीं पा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारे इरादों, प्रयासों पर कोई सवाल नहीं उठा सकता है। मैं जनता के सपनों को पूरा करने में कोई कमी नहीं रहने दूंगा। मैं देश के सभी मतदाताओं को और भाजपा को धन्यवाद देता हूं। 

08:08 PM, 11-Nov-2020

जीत का उन्माद नहीं, हार का अवसाद नहीं: मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा की विचारधारा है कि 'जीत का उन्माद नहीं, हार का अवसाद नहीं'। इसी मंत्र के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। राष्ट्र निर्माण का, आत्मनिर्भर भारत के विकास का काम अनवरत जारी है। हमारे लिए अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास ही लक्ष्य और जिम्मेदारी है।

विज्ञापन
08:05 PM, 11-Nov-2020

परिवारवादी पार्टियां लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि परिवार की पार्टियां या परिवारवादी पार्टियां लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है। दुर्भाग्य से अनेक दशकों तक देश का नेतृत्व करने वाली एक पार्टी भी केवल परिवार की पार्टी बन कर रह गई। ऐसे में भाजपा का दायित्व और बढ़ जाता है। हमें अपनी पार्टी में जीवंत लोकतंत्र कायम रखना है और उदाहरण बनाना है।

08:02 PM, 11-Nov-2020

21वीं सदी का भारत नए मिजाज का भारत: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, 21वीं सदी का भारत नए मिजाज का भारत है। न हमें आपदाएं रोक सकती हैं न ही बड़ी-बड़ी चुनौतियां। यह एक ऐसा भारत है जो आत्मविश्वास से भरा है, अपना सामर्थ्य पहचानता है। जो अपने लक्ष्यों के प्रति सचेत भी है, गंभीर भी है। कोरोना काल में जब दुनिया के अनेक देश थम गए, हमारे देश ने नई नीतियां भी बनाईं, नए निर्णय भी लिए। कृषि और श्रम में ऐतिहासिक सुधार हुए, वो भी कोरोना काल में, नई शिक्षा नीति लाई गई, वो भी कोरोना काल में। हजारों मुश्किलों के बाद भी हम भारत के लोग देश के लिए जी-जान से जुटे रहे। हम आत्मनिर्भर भारत का संकल्प भी पूरा करके रहेंगे।

विज्ञापन
07:58 PM, 11-Nov-2020

भाजपा के पास सायलेंट वोटर का विशेष वर्ग: मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा के पास साइलेंट वोटर का ऐसा वर्ग है जो उसे बार बार वोट दे रहा है, निरंतर वोट दे रहा है। ये साइलेंट वोट देश की माताओं बहनों के हैं, नारी शक्ति के हैं। ग्रामीण इलाकों से शहरों तक महिला वोटर ही भाजपा के साइलेंट वोटर का सबसे बड़ा समूह बन गया है। ये भाजपाई हैं, जिसके शासन में महिलाओं को सम्मान भी मिलता है और सुरक्षा भी मिलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता के पीछे उसका गवर्नेंस मॉडल है। जब लोग गवर्नेंस के बारे में सोचते हैं, तो भाजपा के बारे में सोचते हैं। भाजपा सरकारों की पहचान ही गुड गवर्नेंस है।

07:56 PM, 11-Nov-2020

जीत का एक ही मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' : मोदी

बिहार चुनाव परिणाम को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि में जैसे बिहार की जनता जनादेश दिया है, मेरा जवाब भी उतना ही साफ है। मेरा जवाब है चुनाव जीतने का एक ही रहस्य है- सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास। उन्होंने कहा कि यह बिहार के गौरव की जीत है, बिहार की क्षमताओं की जीत है।  

07:53 PM, 11-Nov-2020

इन चुनावों ने दुनिया को दिखाई भारत की ताकत

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना के इस संकट काल में ये चुनाव कराना आसान नहीं था। लेकिन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं इतनी सशक्त हैं, पारदर्शी हैं कि इस संकट के बीच भी उन्होंने इतना बड़ा चुनाव कराकर दुनिया को भी भारत की ताकत की पहचान करा दी है। मैं इसके लिए चुनाव आयोग को धन्यवाद देता हूं। 

07:50 PM, 11-Nov-2020

देश की जनता का भरोसा मेरी सबसे बड़ी पूंजी: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता को सबसे ज्यादा भरोसा भारतीय जनता पार्टी पर है। हम देश के लोगों के हित का काम करते हैं। भाजपा देश के हर वर्ग की जरूरत समझती है। भाजपा दलितों और शोषितों की आवाज है। हम देश को आगे ले जाने वाला हर काम करेंगे। भाजपा पर जनता का भरोसा मेरे लिए, देश के प्रधान सेवक के लिए बहुत बड़ी पूंजी है। 

07:47 PM, 11-Nov-2020

काम होगा तो आशीर्वाद भी मिलेगा: मोदी

मोदी ने कहा कि नतीजों से साफ हो गया कि जनता विकास चाहती है। उन्होंने कहा कि देश का विकास, राज्य का विकास सबसे बड़ी कसौटी है और आने वाले समय में भी चुनावों का आधार यही रहने वाला है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में सियासत का आधार विकास होगा। बिहार चुनाव के परिणाम को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि काम करेंगे तो जनता आशीर्वाद भी मिलेगा।

07:44 PM, 11-Nov-2020

जनता आपकी मेहनत देख रही है: मोदी

प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कल जो नतीजे आए, उन्होंने साबित कर दिया कि आप काम करेंगे तो लोगों से आपको भरपूर आशीर्वाद भी मिलेगा। आप खुद को समर्पित करेंगे, चौबीसों घंटे देश के विकास के बारे में सोचेंगे तो आपको नतीजे मिलेंगे। देश की जनता आपकी मेहनत देख रही है। आपकी तपस्या को देख रही है।

07:39 PM, 11-Nov-2020

पीएम मोदी ने नड्डा को कहा धन्यवाद

प्रधानमंत्री मोदी ने सफल चुनाव के लिए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, मैं हर कार्यकर्ता और उनके परिजनों को बधाई देता हूं। ये चुनावी नतीजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कुशलता और प्रभावी रणनीति का परिणाम है। इसके साथ ही उन्होंने कहा, नड्डा जी आगे बढ़ो, हम आपके साथ हैं। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने खड़े होकर जेपी नड्डा का अभिवादन किया।

07:37 PM, 11-Nov-2020

जनता ने खारिज की नकारात्मक आशंकाएं: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, जनता को कोटि-कोटि धन्यवाद। लोकतंत्र के पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। हमारी चुनाव प्रक्रिया देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में जनता ने हिंसा, गड़बड़ी और कोरोना के चलते कम मतदान जैसी सारी नकारात्मक आशंकाओं को खारिज कर दिया।

07:33 PM, 11-Nov-2020

महान देश की महान जनता को आभार: मोदी

प्रधानमंत्री ने मंच पर आकर पहले तीन बार 'भारत माता की जय' का नारा लगाया। इस दौरान समर्थकों का जोश देखते ही बना। प्रधानमंत्री ने कहा, मैं इस महान देश की महान जनता का आभार जताता हूं। यह धन्यवाद इसलिए क्योंकि लोकतंत्र के इस पर्व को हम सभी ने बहुत उत्साह से मनाया।

07:26 PM, 11-Nov-2020

बिहार की जनता ने मोदी जी के काम पर मुहर लगाई: भाजपा अध्यक्ष नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना वायरस महामारी के बाद बिहार विधानसभा चुनाव देश का पहला बड़ा चुनाव था। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने मोदी जी के काम पर मुहर लगाई।

07:24 PM, 11-Nov-2020

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने पीएम मोदी का स्वागत किया

दिल्ली: बिहार चुनाव में NDA की जीत के जश्न के लिए पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया गया। 

07:23 PM, 11-Nov-2020

प्रधानमंत्री मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार चुनाव में NDA की जीत के जश्न के लिए आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने भाजपा मुख्यालय पहुंचे।

मंच पर आए शाह और राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह मंच पर पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचने ही वाले हैं। लोगों को रास्ते से हटा दिया गया है और रास्ता खाली करवा दिया गया है।

नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी

भाजपा मुख्यालय में नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। अभी तक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री पीयूष गोयल यहां पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री भी भाजपा मुख्यालय पहुंचने वाले हैं। वह यहां कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी का इंतजार कर रहे कार्यकर्ता

बिहार की जीत का जश्न मना रहे कार्यकर्ता भाजपा मुख्यालय पर बड़ी संख्या में मौजूद हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंतजार कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आदि नेता यहां पहुंच चुके हैं।

देश भर के भाजपा कार्यालयों पर मनाया जा रहा है जश्न

बिहार विधानसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों में भाजपा की जीत का जश्न दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय के साथ-साथ देशभर के पार्टी कार्यालयों में मनाया जा रहा है। इसी बीच रेल मंत्री पीयूष गोयल भी पार्टी मुख्यालय पहुंच गए हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे पार्टी मुख्यालय

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी भाजपा मुख्यालय पहुंच गए हैं। उनसे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पार्टी मुख्यालय पहुंच चुके हैं। थोड़ी ही देर में प्रधानमंत्री मोदी भी यहां पहुंचेंगे।
 
 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी मुख्यालय पहुंचे

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पार्टी मुख्यालय पहुंच गए हैं। बिहार विधानसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों में भाजपा की बड़ी जीत का जश्न मनाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। थोड़ी ही देर में पीएम मोदी भी यहां पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
 
 

भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न जारी

भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पर बिहार में एनडीए की जीत का जश्न मना रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा यहां पहुंच चुके हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां कुछ देर में पहुंचेंगे। 
 

जेपी नड्डा भाजपा मुख्यालय पहुंचे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भाजपा मुख्यालय पहुंच गए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नारे लगाते हुए और फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। थोड़ी ही देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां पहुंचेंगे।
 
 

पोस्टर पर मोदी और नड्डा, नीतीश कुमार को जगह नहीं

दिल्ली मुख्यालय पर बिहार में जीत का जश्न चल रहा है। यहां बिहार को धन्यवाद देते हुए एक बड़ा बैनर लगाया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की तस्वीर तो है, लेकिन नीतीश कुमार की तस्वीर को जगह नहीं दी गई है।

समर्थकों में जश्न का माहौल ,बज रहे ढोल

भाजपा की जीत का सुरूर समर्थकों के सर चढ़ कर बोल रहा है। भाजपा मुख्यालय पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ता और समर्थकों का जोश कुछ ऐसी ही कहानी कह रहा है। समर्थक ढोल बजाते हुए, नृत्य करते हुए अपनी खुशी बयां कर रहे हैं।

'बिहार में बहार बा, नीतीश कुमार बा'

दिल्ली में भाजपा कार्यालय पर हो रहे जीत के जश्न में शामिल एक भाजपा कार्यकर्ता ने कहा कि 'बिहार में बहार बा, नीतीश कुमार बा।' हालांकि, ऐसी खबरें मिल रही हैं कि नीतीश कुमार इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।

जश्न शुरू, कुछ ही देर में पहुंचेगे पीएम मोदी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में जीत के जश्न की तैयारियां पूरी हो गई हैं। बिहार को समर्पित बड़ा बैनर लगाया गया है। सीढ़ियों पर रंगोली की गई है। समर्थक भाजपा का झंडा और पीएम मोदी का मुखौटा लगाए घूम रहे हैं और जीत का आनंद मना रहे हैं। कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद हैं। पीएम मोदी थोड़ी ही देर में पार्टी मुख्यालय पहुंचेंगे।
 

नड्डा के आवास पहुंचे शाह, जीत की बधाई दी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार विधानसभा चुनाव में जीत और विभिन्न राज्यों के उपचुनावों में मिली शानदार सफलता के लिए बुधवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पहुंचकर उन्हें बधाई दी। शाह ने ट्वीट कर कहा, बिहार विधानसभा चुनाव और विभिन्न प्रदेशों के उपचुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर जाकर उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी और जेपी नड्डा के नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता देश के समग्र विकास के लिए समर्पित हैं।

जम्मू-कश्मीर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रवींद्र रैना ने बुधवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव और विभिन्न उपचुनावों में भाजपा की जीत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई है। उन्होंने कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा और उन्हें ‘राष्ट्र-विरोधी’ करार दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ रैना व पार्टी सासंद जुगल किशोर शर्मा ने एनडीए की जीत का जश्न मनाया और ड्रम की थाप पर नृत्य किया।

गुजरात उपचुनाव में जीत से मजबूत हुई भाजपा

गुजरात में आठ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सभी सीटों पर जीत हासिल करने के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का भाजपा के साथ-साथ राज्य की राजनीति में भी कद बढ़ गया है। सभी आठों सीटों पर जीत हासिल करने के बाद 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या बढ़कर 111 हो गई है जबकि कांग्रेस के सदस्यों की संख्या घटकर 65 हो गई है। भाजपा को 2017 के विधानसभा चुनाव में 99 सीटों पर जीत मिली थी।

'बिहार में जीत का श्रेय पीएम मोदी को'

बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ एनडीए की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी योजनाओं को दिया। उन्होंने कहा कहा कि सत्ताविरोधी लहर को झुठलाकर नीतीश कुमार सरकार को चौथे कार्यकाल के लिए जनादेश मिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुमार बिहार में एनडीए सरकार के मुखिया बने रहेंगे और कहा कि भाजपा और जदयू के बीच सीटों की संख्या में अंतर से राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद किसी विधानसभा चुनाव में जेपी नड्डा के नेतृत्व में पार्टी को मिली यह पहली जीत है। इससे पहले नड्डा के नेतृत्व में भाजपा ने दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ा था, जहां उसे करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

बिहार का होगा नया दशक: पीएम मोदी

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को बहुमत स्पष्ट होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि बिहार के युवा साथियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यह नया दशक बिहार का होगा और आत्मनिर्भर बिहार उसका रोडमैप है। बिहार के युवाओं ने अपने सामर्थ्य और एनडीए के संकल्प पर भरोसा किया है। इस युवा ऊर्जा से अब एनडीए को पहले की अपेक्षा और अधिक परिश्रम करने का प्रोत्साहन मिला है।

मणिपुर उपचुनाव में पांच में से चार सीटों पर भाजपा की जीत

मणिपुर में पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को चार सीटों पर जीत मिली। वहीं, एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गई। ये पांचों सीटें कांग्रेस के प्रभुत्व वाली मानी जाती थीं, और इस उपचुनाव में पांचों ही सीटें कांग्रेस के हाथ से निकल गईं। 

कर्नाटक उपचुनाव में दोनों सीटें भाजपा की

कर्नाटक में दो विधानसभा सीटों- बंगलूरू शहरी जिला स्थित आरआर नगर और तुमकुरु जिला स्थित सिरा में उपचुनाव हुआ था। इन दोनों सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है। ये उपचुनाव सिरा से विधायक बी सत्यनारायण के निधन और आरआर नगर से कांग्रेस के विधायक मुनिरत्ना के इस्तीफा देने के चलते कराना पड़ा था। वहीं, तेलंगाना की एकमात्र दुब्बाक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी भाजपा को जीत मिली है।  

उत्तर प्रदेश उपचुनाव में सात में से छह सीटें जीती भाजपा

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने छह सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, एक सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गई है। उपचुनाव में 53 फीसदी मतदाताओं ने 88 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद किया था। जिन सीटों पर उपचुनाव हुआ था उनमें नौगांव सादात, टुंडला, बांगरमउ, बुलंदशहर, देवरिया, घाटमपुर और मल्हनी विधानसभा सीटें शामिल हैं।

गुजरात उपचुनाव में आठों सीटों पर भाजपा का कब्जा

गुजरात की आठ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने सभी सीटों पर जीत हासिल की। ये चुनाव अबडासा, लिंबडी, करजण, गढडा, मोरबी, धारी, डांग और कपराडा विधानसभा सीटों पर हुए थे। कुल 81 उम्मीदवार इन आठ सीटों पर अपना भाग्य आजमाने चुनाव मैदान में उतरे थे। 

इस साल जून में हुए राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के मौजूदा विधायकों के इस्तीफा देने के चलते इन सीटों पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। इनमें से पांच बाद में सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए थे और पार्टी ने उन्हें उन सीटों से मैदान में उतारा है जिन पर उन्होंने 2017 में जीत दर्ज की थी।

मध्यप्रदेश उपचुनाव में भी भाजपा को जीत

मध्यप्रदेश की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की। भाजपा ने 28 में से 19 सीटों पर जीत दर्ज की वहीं विपक्षी कांग्रेस के खाते में नौ सीटें आईं। सत्ता पाने के लिए कांग्रेस को जहां सभी सीटों पर जीत हासिल करने की जरूरत थी, वहीं भाजपा को बहुमत के लिए केवल नौ सीटें चाहिए थीं।

बता दें कि राज्य के इतिहास में पहली बार इतनी सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। राज्य में इस साल मार्च में कांग्रेस के 22 विधायकों ने त्यागपत्र दे दिया था जिससे अल्पमत में आई कमलनाथ सरकार गिर गई थी। इनमें अधिकांश विधायक ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक थे, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। सिंधिया खुद भी मार्च में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।

बिहार ने दुनिया को पढ़ाया लोकतंत्र का पहला पाठ: मोदी

बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम पर प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को कहा था कि  बिहार ने दुनिया को लोकतंत्र का पहला पाठ पढ़ाया है। बिहार ने दुनिया को फिर बताया है कि लोकतंत्र को मजबूत कैसे किया जाता है। रिकॉर्ड संख्या में बिहार के गरीब, वंचित और महिलाओं ने वोट भी किया और आज विकास के लिए अपना निर्णायक फैसला भी सुनाया है।

बिहार में एनडीए ने 243 में से 125 सीटों जीतीं

बिहार विधानसभा चुनाव में बेहद रोमांचक मुकाबले में विपक्ष की कड़ी चुनौती का मुकाबला करते हुए नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 243 सीटों में से 125 सीटों पर जीत का परचम लहरा कर बहुमत का जादुई आंकड़ा हासिल कर लिया। जबकि विपक्षी दलों के महागठबंधन के खाते में 110 सीटें आईं।

 

बिहार विजय के बाद बोले प्रधानमंत्री मोदी, 'जीत का उन्माद नहीं, हार का अवसाद नहीं'

कोरोना वायरस महामारी के बीच हुए बिहार विधानसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार सफलता हासिल की है। इन सफलताओं का जश्न मनाने के लिए बुधवार की शाम दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ पार्टी नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें