प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सरदार वल्लभभाई पटेल पुलिस अकादमी के दीक्षांत परेड समारोह से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया इस दौरान सुबह 11 बजे पीएम प्रोबेशनर आईपीएस अधिकारियों के साथ भी बातचीत कर सकते हैं।
एक आधिकारिक बयान में बृहस्पतिवार को बताया गया कि 28 महिलाओं समेत 131 प्रोबेशनर आईपीएस अधिकारियों ने अकादमी में शुरुआती परीक्षण पूरा कर लिया है। इन अधिकारियों ने 42 सप्ताह के दौरान अपने बुनियादी पाठ्यक्रम के प्रथम चरण को पार कर लिया है। बुनियादी पाठ्यक्रम के दौरान, प्रोबेशनर्स को कानून, जांच, फोरेंसिक, नेतृत्व एवं प्रबंधन, अपराध विज्ञान, सार्वजनिक व्यवस्था एवं आंतरिक सुरक्षा, नैतिकता और मानव अधिकारों, आधुनिक भारतीय पुलिस तंत्र, रणनीति, हथियार प्रशिक्षण जैसे विभिन्न विषयों में प्रशिक्षण दिया जाता है।