कर्नाटक दौरे में गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बेंगलुरु के दावणगेरे में पीएम मोदी के रोडशो के दौरान एक शख्स सुरक्षा घेरा तोड़कर उनके पास आने की कोशिश कर रहा था। कर्नाटक कानून व्यवस्था के एडीजीपी आलोक कुमार ने कहा कि आज दावणगेरे में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई। यह एक असफल प्रयास था। उस शख्स को तुरंत मैंने और एसपीजी ने सुरक्षित दूरी पर पकड़ लिया था। इस संबंध में उचित कार्रवाई की जा रही है।
भाजपा ने धारणा की राजनीति को प्रदर्शन की सियासत में बदला : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के दावणगेरे में कहा, देश वर्षों से गंदी राजनीति में फंसा हुआ था। भाजपा ने धारणा की राजनीति को प्रदर्शन की राजनीति में बदल दिया है। मोदी ने जनता से कर्नाटक में फिर से पूर्ण बहुमत वाली स्थिर भाजपा सरकार लाने का आह्वान किया।
विजय संकल्प यात्रा में मोदी ने कहा, तेजी से होने वाला विकास ही समय की जरूरत है। भाजपा राज्य को विकसित भारत की प्रेरक शक्ति बनाना चाहती है, जबकि कांग्रेस इसे अपने नेताओं के खजाने को भरने वाले एटीएम के रूप में देखती है। मोदी ने कहा, कर्नाटक ने अवसरवादी और स्वार्थी गठबंधन सरकारों का लंबा दौर देखा है। ऐसी सरकारों से कर्नाटक को नुकसान हुआ है। इसलिए कर्नाटक के तेज गति वाले विकास के लिए भाजपा को पूर्ण बहुमत और स्थिर सरकार की जरूरत है।
कांग्रेस के नेता चुनाव से पहले झूठे दावों का थैला लेकर घूमते हैं : कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, उसके नेता चुनाव से पहले झूठे दावों का थैला लेकर घूमते हैं। हिमाचल प्रदेश में चुनाव से पहले कांग्रेस ने जो वादे किए थे, उनका हाल के बजट में जिक्र नहीं किया गया। उन्होंने कहा, क्या हम झूठे वादे करने वाली कांग्रेस पर भरोसा कर सकते हैं? क्या उन्हें कर्नाटक के अंदर एक कदम रखने की अनुमति दी जानी चाहिए या उन्हें बाहर निकाल दिया जाना चाहिए। मोदी ने कहा, कांग्रेस के पास देश और कर्नाटक के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है। वह काफी समय से एक सपना देख रही है और सार्वजनिक रूप से कहा भी है कि मोदी देरी कब्र खुदेगी, लेकिन शायद वे नहीं जानते कि कर्नाटक के लोग कह रहे हैं, ‘मोदी तेरा कमल खिलेगा’।
खरगे के गृहनगर से भाजपा की जीत अच्छा संकेत
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के गृहनगर कलबुरगी में मेयर और डिप्टी मेयर चुनावों में भाजपा की जीत पर मोदी ने कहा, यह अच्छा संकेत है। यहां मेरा कार्यक्रम पहले से तय था, इसलिए मैं आ गया, लेकिन संयोग से मेयर चुनाव के नतीजे घोषित हो गए। हालांकि, कांग्रेस इसे मेरे दौरे से जोड़ेगी। आरोप लगाएगी कि मैंने कुछ किया है और इसलिए वे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के गृह क्षेत्र में हार गए।