दोनों देशों के बीच दिन-ब-दिन मजबूत होते रिश्ते पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के साथ वार्ता की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा संबंध दिन-ब-दिन मजबूत हो रहे हैं, जो गहरे विश्वास का प्रतीक हैं। दोनों देश समुद्री राष्ट्र हैं, इसलिए समुद्री सहयोग जरूरी और स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि पहली बार, भारतीय नौसेना के तीन जहाज फिलीपींस में हो रही नौसेना अभ्यास में भाग ले रहे हैं, जिसमें भारत का हाइड्रोग्राफी जहाज भी शामिल है।
भारत-फिलीपींस के द्विपक्षीय संबंधों के लिए ऐतिहासिक दिन- पीएम
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिन भारत-फिलीपींस के द्विपक्षीय संबंधों के लिए ऐतिहासिक है। अब दोनों देशों के रिश्ते रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर पहुंच रहे हैं, जिससे रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में मजबूती आएगी। पिछले कुछ वर्षों में व्यापार, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और विकास साझेदारी जैसे क्षेत्रों में बहुत प्रगति हुई है। अगले पांच वर्षों के लिए एक कार्य योजना बनाई गई है। फिलीपींस जुलाई 2027 तक भारत का देश समन्वयक होगा और 2026 में वह आसियान के अध्यक्ष पद का संचालन करेगा।
भारत-फिलीपींस के रिश्ते के75 साल पूरे होने पर बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान भारत फिलीपींस के रिश्ते के 75 साल पूरे होने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस साल भारत और फिलीपींस के बीच राजनयिक रिश्तों को 75 साल पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही हमारे कूटनीतिक रिश्ते नए हों, लेकिन हमारी संस्कृतियों का जुड़ाव बहुत पुराना है। फिलीपींस में रामायण की कहानी 'महारादिया लवाना' इसका बड़ा उदाहरण है, जो हमारी सदियों पुरानी सांस्कृतिक कड़ी को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें:- Supreme Court: जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग, 8 अगस्त को याचिका पर होगी सुनवाई
पहलगाम हमले में भारत के साथ रहने के लिए कहा धन्यवाद
पीएम मोदी ने आगे कहा कि वे पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करने और भारत के साथ खड़े होने के लिए फिलीपींस सरकार और राष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ इस साझा रुख से दोनों देशों की दोस्ती और मजबूत हुई है।
वाराणसी में बन रहे ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले चावल का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि वाराणसी में स्थित इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट का क्षेत्रीय केंद्र कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले चावल पर काम कर रहा है, जिससे स्वाद और सेहत दोनों में सुधार होगा। भारत और फिलीपींस के बीच विकास सहयोग को और बढ़ाया जाएगा और फिलीपींस में क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही, दोनों देश संप्रभु डेटा क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में भी सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि अब तक दोनों देशों का सहयोग भूमि पर मजबूत था, अब उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र में भी साझेदारी शुरू की है और इसके लिए एक समझौता भी किया गया है।
पीएम मोदी ने फिलीपींस के पर्यटक वीजा नियम का किया स्वागत
इसके साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि भारत फिलीपींस के उस फैसले का स्वागत करता है जिसमें भारतीय पर्यटकों को बिना वीजा प्रवेश की अनुमति दी गई है। इसके जवाब में भारत ने भी फिलीपींस के पर्यटकों के लिए ई-वीजा की सुविधा मुफ्त देने का फैसला किया है। इस साल भारत और मनीला के बीच सीधे उड़ानों की शुरुआत के लिए भी काम किया जाएगा।
दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से जारी किए स्मारक डाक टिकट
इस दौरान दोनों नेताओं ने दिल्ली में एक खास कार्यक्रम के दौरान मिलकर स्मारक डाक टिकट जारी किए। यह डाक टिकट भारत और फिलीपींस के बीच मजबूत और ऐतिहासिक रिश्तों को दर्शाते हैं। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और कूटनीतिक संबंधों को यादगार बनाने के लिए इन टिकटों को जारी किया गया है। इसके साथ ही इस मौके पर दोनों नेताओं ने आपसी दोस्ती और सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
ये भी पढ़ें:- Satyapal Malik: पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन, लंबे समय से बीमार थे; आरएमएल अस्पताल में ली अंतिम सांस
भारत और फिलीपींस ने कई समझौतों पर किए हस्ताक्षर
इसके साथ ही दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुआल्देज मार्कोस जूनियर की मौजूदगी में भारत और फिलीपींस के बीच कई समझौतों (एमओयूएस) पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों का मकसद दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ाना और आपसी रिश्तों को और मजबूत बनाना है। यह समझौते व्यापार, सुरक्षा, शिक्षा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माने जा रहे हैं।