उड़ी आतंकी हमले के साये में शुक्रवार से शुरू हो रही भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पाकिस्तान को सख्त संदेश देने की तैयारी की जा रही है। इस क्रम में निगाहें शनिवार को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली पर है। माना जा रहा है कि इस हमले के बाद अपनी पहली रैली में प्रधानमंत्री पाकिस्तान को सख्त संदेश देंगे। बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा। तीन दिवसीय बैठक में सरकार के गरीब कल्याण एजेंडे को तेजी से लागू करने के अलावा उत्तर प्रदेश सहित अन्य चुनावी राज्यों की रणनीति पर भी गंभीर मंथन होगा।
दरअसल पहले इस बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ प्रस्ताव लाने की कोई तैयारी नहीं थी। मगर इसी बीच उड़ी के सैन्य मुख्यालय पर हुए हमले और इससे लोगों की बढ़ी नाराजगी के बाद प्रस्ताव के जरिए पाकिस्तान को सख्त संदेश देने पर सहमति बनी है।
इसके अलावा चूंकि इस हमले के बाद प्रधानमंत्री शनिवार को पहली बार जनसभा को संबोधित कर रहे हैं, ऐसे में उनकी ओर से पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दिया जाना तय माना जा रहा है।