चमोली में ग्लेशियर फटने से हुई तबाही पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को राज्य के सांसदों के साथ बैठक की। गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में हुई बैठक में पीएम ने उत्तराखंड को प्राकृतिक आपदाओं से बचाने के लिए दीर्घकालिक रणनीति बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने आपदा से जानमाल के नुकसान पर दुख जताया।
उत्तराखंड के सांसदों के साथ शाह और नड्डा भी शामिल रहे
राज्यसभा सांसद और भाजपा के मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने बताया कि इस बैठक में उत्तराखंड पर समय-समय पर आने वाली आपदाओं पर गंभीर चर्चा हुई। पीएम ने कहा कि पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भूस्खलन, ग्लेशियर फटने जैसी प्राकृतिक आपदाएं आती रहती हैं। भविष्य में इन आपदाओं में जानमाल की क्षति को रोकने के लिए जल्द ही एक दीर्घकालिक रणनीति बनाई जाएगी।
इससे पहले प्रदेश के सांसदों ने ग्लेशियर फटने की घटना पर त्वरित राहत कार्य को लेकर पीएम को धन्यवाद दिया। सांसदों ने कहा कि समय पर आईटीबीपी, एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने से जानमाल की बड़ी क्षति को रोकने में सफलता मिली। पीएम ने गृह मंत्री शाह से आपदा के बाद की ताजा स्थिति की जानकारी ली।