प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
- फोटो : एएनआई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में शीर्ष स्थानों पर रहने वाले शहरों को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने उस प्रतिस्पर्धी भावना की सराहना की जो भारत के स्वच्छता कार्यक्रम 'स्वच्छ भारत अभियान' को मजबूत करती है।
उन्होंने ट्वीट किया, 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में शीर्ष स्थानों पर रहने वाले सभी शहरों को बधाई। अन्य शहर भी प्रेरणा लें और सफाई के तहत अपने प्रयासों को तेज करें। ऐसी प्रतिस्पर्धात्मक भावना स्वच्छ भारत अभियान करती है और लाखों लोगों को फायदा पहुंचाती है।'
केंद्र सरकार की ओर से कराए गए स्वच्छता सर्वेक्षण के नतीजे गुरुवार को घोषित हुए। इनमें इंदौर को लगातार चौथे साल भारत का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया। सर्वेक्षण में इस बार दूसरा स्थान सूरत और तीसरा स्थान नवी मुंबई को मिला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को ‘गंगा किनारे बसा सबसे अच्छा शहर’ घोषित किया गया है। इस सूची में वाराणसी के बाद कानपुर, मुंगेर, प्रयागराज और हरिद्वार का नाम शामिल है।