संसद के बजट सत्र को सही से न चलने देने की वजह से पीएम मोदी आज उपवास पर हैं। उनके साथ बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री भी उपवास कर रहे हैं। पूरे देश में पार्टी कार्यकर्ता पीएम मोदी की इस मुहिम में शामिल हो रहे हैं।
दिल्ली में राजनाथ सिंह, धर्मेंद्र प्रधान और सुरेश प्रभु, बनारस में जेपी नड्डा, पटना में रविशंकर प्रसाद उपवास पर बैठे हैं। चेन्नई में निर्मला सीतारमण, बंगलूरू में प्रकाश जावड़ेकर, तमिलनाडु में विजय गोयल, विदिशा मध्य प्रदेश में एमजे अकबर और केरल में केजे अल्फोंस है। साथ ही सभी सांसद अपने संसदीय क्षेत्रों में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हुबली में उपवास पर हैं। केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल थाणे में कार्यकर्ताओं के साथ उपवास पर बैठे हैं।
वहीं दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी अपने संसदीय क्षेत्र की विकास के मामले में दिल्ली सरकार की ओर से उपेक्षा करने के विरोध में अनिश्चितकालीन अनशन प्रारंभ करेंगे। भाजपा के सभी सांसद आज सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपवास करेंगे।
उनके उपवास में प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं अन्य कार्यकर्ता भी सम्मिलित होंगे। केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु उपवास अवधि के दौरान सांसदों एवं कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए उनके बीच जाएंगे। मनोज तिवारी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ शास्त्री पार्क मेन चौक पर उपवास पर बैठेंगे।