लोंगेवाला पोस्ट शायद भारतीय सेना के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक थी और इस चुनौती को पूरा करने का जिम्मा दिया गया था मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी को। उस युद्ध में कुलदीप सिंह मेजर थे और बाद में वह ब्रिगेडियर के पद तक पहुंचे। वहीं ब्रिगेडियर चांदपुरी ने इस लड़ाई में मिली जीत का सारा श्रेय उन सैनिकों को दे दिया था जो उस समय लोंगेवाला में दुश्मनों का डटकर मुकाबला कर रहे थे।
मेजर चांदपुरी के पास सिर्फ 120 लोगों का ट्रूप था तो सामने थे, पाक की 51वीं इंफ्रेंटी ब्रिगेड के 2,000 सैनिक जिसे 22वीं आर्म्ड रेजीमेंट की भी मदद मिल रही थी। पांच दिसंबर 1971 को एकदम तड़के दुश्मन ने भारतीय सेना पर हमला बोल दिया था।
हालात मुश्किल थे और फिर भी मेजर चांदपुरी ने इन हालातों का सामना किया। पूरी रात उन्होंने 120 लोगों की कंपनी के साथ दुश्मनों का मुकाबला किया। मेजर चांदपुरी ने 2000 सैनिकों और दुश्मन के 40 टैंकों को अपने 120 जवानों के जरिए रोके रखा। इसके बाद भारतीय जवानों ने चुन-चुनकर टैंकों को तबाह किया और दुश्मन को धूल चटाई।
लोंगेवाला की लड़ाई पर ही बनी 'बॉर्डर'
साल 1997 में आई जेपी दत्ता की फिल्म 'बॉर्डर' लोंगेवाला की लड़ाई पर ही आधारित थी। सनी देओल मेजर चांदपुरी की भूमिका में नजर आए थे। 'बॉर्डर' फिल्म मल्टीस्टारर फिल्म थी। इस फिल्म में सनी देओल के अलावा जैकी श्रॉफ, सुदेश बेरी, सुनील शेट्टी, अजय देवगन, अक्षय खन्ना, पुनीत इस्सर, तब्बू, राखी के अलावा कई और एक्टर्स थे। यह फिल्म सुपहिट हुई थी।