प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम के जरिए 37वीं बार लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में मोदी ने बॉर्डर पर तैनात सैनिकों से लेकर खेल में देश का नाम रौशन करने वाले खिलाड़ियों तक का जिक्र किया। मोदी की मन की बात की मुख्य बातें ये रहीं -
1. छठ: मोदी ने छठ का जिक्र कर कहा कि यह हमारे देश में सबसे अधिक नियम निष्ठा के साथ मनाए जाने वाले त्योहारों में से एक है, जिसमें खान-पान से लेकर वेशभूषा तक, हर बात में पारंपरिक नियमों का पालन किया जाता है। मोदी ने कहा कि छठ-पूजा में सुबह के अर्घ्य के बाद प्रसाद मांगकर खाया जाता है जिससे अहंकार नष्ट होता है।
2. खादी की बिक्री: मोदी ने कहा कि मन की बात की सराहना और आलोचना दोनों होती हैं लेकिन जब इससे पड़े प्रभाव पर उनकी नजर जाती है तो खुशी होती है। पीएम ने आगे कहा कि वह खादी को बढ़ावा देने की बात कहते रहे हैं जिसका प्रभाव धनतेरस को देखने को मिला। मोदी ने मुताबिक, उस दिन दिल्ली के खादी ग्रामोद्योग भवन स्टोर में लगभग एक करोड़ बीस लाख रुपये की रिकॉर्ड बिक्री हुई।
PM मोदी के 'मन की बात' सुनकर डॉक्टर दंपति का बड़ा फैसला, आप कहेंगे- शाबाश
3. सैनिक: मोदी ने कहा कि इस बार जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर में सुरक्षाबलों के साथ दिवाली मनाना उनके लिए यादगार रहा। मोदी ने कहा कि वह जवानों का आदर करते हैं और जब और जहां भी लोगों को मौका मिले जवानों के अनुभव जानने चाहिए, उनकी गौरवगाथा सुननी चाहिए।
4. खेल: पिछले दिनों अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मोदी ने बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने देश का नाम रोशन किया है। इसमें मोदी ने हॉकी टीम को एशिया कप चैंपियन बनने, बैडमिंटन स्टार किदाम्बी श्रीकांत को डेनमॉर्क ओपन जीतने पर बधाई दी। मोदी ने फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप का जिक्र कर रहा कि भले ही, भारत खिताब न जीत पाया लेकिन भारत के युवा खिलाड़ियों ने सभी का दिल जीत लिया।
5. स्वच्छ भारत: मोदी ने बताया कि लोग लगातार स्वच्छ भारत अभियान में हिस्सा ले रहे हैं और उन्हें फोटोज भेज रहे हैं। पीएम ने कहा कि लोग बिना रुके, बिना थके लगे हुए हैं।