प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को वैश्विक बौद्ध शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दो दिवसीय शिखर सम्मेलन की मेजबानी 20-21 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ के सहयोग से संस्कृति मंत्रालय की ओर से की जा रही है। इस दो-दिवसीय वैश्विक बौद्ध शिखर सम्मेलन का विषय 'समकालीन चुनौतियों के प्रति प्रतिक्रिया : दर्शन से अभ्यास तक' है।
असम में शाह सौंपेंगे 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र
गृह मंत्री अमित शाह अगले महीने असम में 50,000 युवाओं को नौकरी से संबंधित नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। आगामी 11 मई को हिमंत सरकार के दो साल पूरा होने के अवसर पर भव्य आयोजन में नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे। राज्य के सीएम हिमंत विस्वा सरमा ने इस आशय की जानकारी देते हुए कहा कि हम एक लाख नौकरियां देने का अपना वादा पूरा करेंगे।
सरमा ने कहा कि अपने वादे के तहत असम सरकार पहले ही राज्य के 50,000 युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। हमारा वादा एक लाख नौकरियां देने की थी। इसे हम अगले महीने पूरा कर लेंगे। सरमा ने कहा कि चूंकि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है। ऐसे में राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावना और मजबूत हुई है।
ऑडियो-विजुअल, गेमिंग में अवसरों से छात्रों को कराएं रूबरू : चंद्रा
सूचना व प्रसारण सचिव अपूर्व चंद्रा ने छात्रों को ऑडियो-विजुअल, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी) क्षेत्र में मौजूद अवसरों से समय से रूबरू कराने की वकालत की। उन्होंने कहा, अपने रचनात्मक कौशल को निखारकर वे उभरते हुए इस क्षेत्र में कॅरिअर बना सकेंगे।
चंद्रा ने एवीजीसी नीतियों के मसौदे पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला के परामर्श सत्र में कहा कि इस क्षेत्र ने हाल के समय में अभूतपूर्व वृद्धि की है। इसके आने वाले दशक में काफी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। ऐसी स्थिति में बच्चों को सही उम्र में सही चीजों तक पहुंच देना जरूरी है, ताकि उन्हें अपना रचनात्मक कौशल निखारने का मौका मिले।