बीजेपी की संसदीय बोर्ड की बैठक में संसद से अक्सर गायब रहने वाले सांसदों का मुद्दा एक बार फिर उठा। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को बधाई भी दी। उन्होंने अमित शाह को बतौर पार्टी अध्यक्ष तीन साल पूरा करने और राज्यसभा का सदस्य बनने पर बधाई देते हुए, लड्डू खिलाकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर एलके आडवाणी, अरूण जेटली समेत पार्टी के कई बडे़ नेता भी मौजूद थे।
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों को उनकी ड्यूटी भी याद दिलाया। उन्होंने बैठक में इस बात पर आश्चर्य जाहिर किया कि बार बार बोलने के बाद भी दोनों सदनों में सांसदों की अनुपस्थिति में कोई परिवर्तन नहीं आया।
गौरतलब है कि इससे पहले बीजेपी की संसदीय बैठक इस महीने की 1 तारीख को भी हुई थी। बैठक में राज्यसभा में अक्सर अनुपस्थित रहने वाले सांसदों पर बातचीत हुई थी। बीजेपी नेता अनंत कुमार ने कहा था कि राज्यसभा से अक्सर गायब रहने वाले सांसदों पर गंभीरता से जिक्र किया गया है।
वहीं पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने बैठक के दौरान कहा था कि सदन में अनुपस्थित रहने वाले अपनी आदत सुधार ले, लेकिन फिर भी यदि ऐसा होता है तो उन सांसदों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।