प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर आज केरल पहुंचेंगे। कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड (केएमआरएल) ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केरल आने के बाद गुरुवार (एक सितंबर) को कोच्चि मेट्रो के दूसरे चरण की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही, वे कोच्चि मेट्रो के पहले चरण का शुभारंभ भी करेंगे, जो एसएन जंक्शन से वडक्केकोट्टा तक बनाया गया है।
शाम 7 बजे शुरू हो जाएगा राजस्व संचालन
इसके उद्घाटन के बाद कोच्चि मेट्रो 24 स्टेशनों के साथ कम से कम 27 किमी की दूरी तय करेगी। पीएम मोदी द्वारा कोच्चि के लोगों को स्टेशन समर्पित करने के तुरंत बाद, दोनों स्टेशनों का राजस्व संचालन शाम सात बजे शुरू होगा। बता दें कि मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त ने निरीक्षण के बाद पेट्टा-एसएन जंक्शन खंड के राजस्व संचालन को मंजूरी दी थी।
4.3 लाख वर्ग फुट में बना वडक्केकोट्टा स्टेशन
वडक्केकोट्टा, एसएन जंक्शन और पनमकुट्टी पुल का काम 16 अक्तूबर, 2019 को शुरू किया गया था और यह कोविड महामारी के दौरान भी जारी रहा। वडक्केकोट्टा 4.3 लाख वर्ग फुट के क्षेत्र के साथ मेट्रो स्टेशनों में सबसे बड़ा है। अन्य मेट्रो स्टेशनों के विपरीत, यहां नई सुविधाओं से लैस अंदर और बाहर दोनों तरफ बड़े व्यावसायिक स्थान बनाए गए हैं। वडक्केकोट्टा स्टेशन स्वतंत्रता संग्राम में केरल की भूमिका को अपने विषय के रूप में दर्शाता है जबकि एसएन जंक्शन आयुर्वेद और इसके आधुनिक दृष्टिकोण को दर्शाता है। एसएन जंक्शन और वडक्केकोट्टा स्टेशनों के राजस्व संचालन के लिए खुलने पर केएमआरएल प्रति दिन औसतन एक लाख यात्रियों के यात्रा करने की उम्मीद कर रहा है।
2014 में सिर्फ पांच शहरों में चलती थी मेट्रो
मामले से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि देश में मेट्रो क्रांति हो रही है। 2014 में जहां पांच शहरों में मेट्रो सेवा थी, वहीं आज 20 नगरों में सार्वजनिक परिवहन की यह सेवा चल रही है। 2014 में देश में मेट्रो का कुल नेटवर्क 248 किलोमीटर था। आज देश में कुल मेट्रो नेटवर्क 775 किलोमीटर है। एक हजार किलोमीटर अतिरिक्त मेट्रो नेटवर्क निर्माणाधीन है। कोच्चि मेट्रो रेल परियोजना की 55 प्रतिशत ऊर्जा आवश्यकता सौर ऊर्जा से पूरी होगी।